October 5, 2026

Hind foucs news

hindi new update

‘इस्लाम के खिलाफ लड़ने वालों को ले जाने वाले विमान अब भी उड़ान भर रहे’, आतंकी संगठन अल-कायदा ने फ्लाईदुबई जैसी और घटनाओं की दी धमकी

नई दिल्ली। दुबई से इजरायल के तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई फ्लाइट में 30 सितंबर को ओमानी मूल के को-पायलट ने कुल्हाड़ी से हमला कर कैप्टन स्मित मछार को बुरी तरह घायल कर दिया था। जांच में पता चला है कि को-पायलट इस विमान को 9/11 के आतंकी हमले की तरह इजरायल में क्रैश करना चाहता था। अब आतंकी संगठन अल-कायदा ने धमकी दी है कि अमेरिका और इजरायल के विमानों को आगे भी निशाना बनाया जाएगा।

अल-कायदा का समर्थन करने वाले साप्ताहिक ‘अल-बयान’ के ताजा अंक में अमेरिका में 9/11 के आतंकी हमलों का उदाहरण देते हुए लिखा गया है कि युद्ध खत्म नहीं हुआ है। आतंकी समर्थक पत्रिका में आगे लिखा है कि अमेरिका, इजरायल समेत इस्लाम के खिलाफ लड़ने वालों को ले जाने वाले विमान अब भी उड़ान भर रहे हैं और उनको निशाना बनाया जा सकता है। बता दें कि अल-कायदा से जुड़े आतंकियों ने कई विमानों को हाईजैक कर वर्ल्ड ट्रेड सेंटर, पेंटागन से मिसाइल की तरह टकरा दिया था। जिससे तीन हजार से ज्यादा लोगों की जान गई थी। उसके बाद अमेरिका ने अफगानिस्तान पर धावा बोलकर अल-कायदा को पूरी तरह नष्ट करने का दावा किया था, लेकिन अल-कायदा के आतंकी अब भी बचे हुए हैं।

अल-कायदा की ताजा धमकी इसलिए भी अहम है, क्योंकि सितंबर में ही इस आतंकी संगठन ने अपने संस्थापक रहे ओसामा बिन लादेन के बेटे हमजा बिन लादेन को अपना प्रमुख घोषित किया था। हमजा का एक वीडियो भी अल-कायदा ने जारी किया था। जबकि, साल 2019 में अमेरिका के राष्ट्रपति रहे डोनाल्ड ट्रंप ने एलान किया था कि ओसामा बिन लादेन के बेटे को अफगानिस्तान और पाकिस्तान की सीमा पर एक कार्रवाई में मार गिराया गया है। खास बात ये भी है कि कैप्टन स्मित मछार पर हमला करने के आरोपी को-पायलट हमाम अल-हमामी के सोशल मीडिया अकाउंट्स की जांच में ओसामा बिन लादेन और अल-कायदा के बड़े नेता रहे अयमान अल-जवाहिरी समेत कई आतंकियों से संबंधित कंटेंट मिले हैं। हमाम को ओमान में विमान उड़ाने से बैन भी किया गया था। उसकी कट्टरपंथी विचारधारा के कारण ये कदम उठाया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *