पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी के नेटवर्क के खिलाफ यूपी में बड़ी कार्रवाई, एटीएस ने लखनऊ समेत 10 जिलों में ठिकानों पर छापे मारे
लखनऊ। पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी गैंग के खिलाफ यूपी एटीएस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई की। यूपी एटीएस ने लखनऊ समेत यूपी के मेरठ, अलीगढ़, बहराइच, सीतापुर और श्रावस्ती समेत 10 जिलों में शहजाद भट्टी गैंग का खात्मा करने के लिए तमाम ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यूपी एटीएस ने शहजाद भट्टी आतंकी नेटवर्क से संबंध के मामले में 10 से 15 लोगों को हिरासत में लिया है। बीते दिनों ही पूरे देशभर में शहजाद भट्टी गैंग के खिलाफ कार्रवाई हुई थी। जिसके बाद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने एलान किया था कि पाकिस्तानी आतंकी के नेटवर्क को जड़ से उखाड़ फेंका गया है।
यूपी एटीएस ने प्रदेश के 10 जिलों में ये कार्रवाई शहजाद भट्टी नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए की। यूपी एटीएस ने पहले भी शहजाद भट्टी नेटवर्क से जुड़े चार दर्जन से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया था। इनसे पूछताछ के आधार पर ही प्रदेश के बड़े इलाके में छापेमारी की तैयारी हुई। खबरों के मुताबिक शहजाद भट्टी गैंग के गिरफ्तार किए लोगों ने यूपी एटीएस को 150 से ज्यादा लोगों के आतंकी संगठन से जुड़े होने की जानकारी दी है। यूपी एटीएस ने पहले शहजाद भट्टी गैंग से संबंध रखने वाले 52 लोगों को गिरफ्तार किया था।
यूपी एटीएस शहजाद भट्टी गैंग से जुड़े संदिग्धों के सोशल मीडिया अकाउंट और अन्य संपर्कों की पड़ताल भी कर रही है। इसके अलावा ये देखा जा रहा है कि संदिग्धों ने किन-किन लोगों से चैट की। शहजाद भट्टी खुद को पाकिस्तान में बतौर इन्फ्लूएंसर दिखाता रहा है। भारतीय एजेंसियों के पास ये जानकारी है कि शहजाद भट्टी इन्फ्लूएंसर के काम की आड़ में आतंकी गतिविधियां कर रहा है। पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई ने उसे भारत में आतंकी गतिविधियां करने का जिम्मा दिया है। इसकी वजह ये है कि भारत ने लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद जैसे पाकिस्तानी आतंकी संगठनों पर सख्त कार्रवाई की है और ऑपरेशन सिंदूर में इनके ठिकाने ध्वस्त किए थे।
