कुख्यात नार्को तस्कर नवप्रीत सिंह को तुर्की से डिपोर्ट कर भारत लाया गया
नई दिल्ली। ड्रग-कार्टेल के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात नार्को तस्कर नवप्रीत सिंह को तुर्की से डिपोर्ट कर भारत लाया गया है। भारत पहुंचते ही एयरपोर्ट पर उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने खुद यह जानकारी दी है। उन्होंने नवप्रीत सिंह को डिपोर्ट करवाकर भारत लाने को एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है और इस सफलता के लिए सभी भारतीय एजेंसियों को बधाई दी है। गृह मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार दिसंबर 2029 से पहले हर ड्रग-कार्टेल को खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है।
गृह मंत्री अमित शाह ने बताया कि कुख्यात ड्रग तस्कर नवप्रीत सिंह ने नवाब विर्क की फर्जी पहचान का इस्तेमाल करके तुर्की की नागरिकता हासिल कर ली थी। तुर्की की नागरिकता लेने के बाद भी वह अफगानिस्तान से भारत में हेरोइन और मेथामफेटामाइन की तस्करी करता रहा। भारतीय एजेंसियों ने उसका पता लगाया, उसकी असली पहचान का खुलासा किया और उसे डिपोर्ट कराया। आज उसे भारत वापस लाया गया है और ड्रग तस्करी व अन्य अपराधों के मामलों में जेल भेज दिया गया है।
आपको बता दें कि अभी 30 सितंबर को अमित शाह बीजेपी की नशा मुक्त पंजाब यात्रा के समापन पर जालंधर में थे। वहां उन्होंने कहा था कि मैं पंजाब की माताओं और युवाओं से वादा करके जा रहा हूं कि प्रदेश में बीजेपी की सरकार बनवा दो, हम 31 दिसंबर 2029 से पहले पंजाब को चिट्टे के व्यापार से मुक्त कर देंगे। इसके साथ ही उन्होंने यह भी घोषणा कर दी थी कि पंजाब में अगले साल होने वाला विधानसभा चुनाव बीजेपी ‘नशा मुक्त पंजाब’ के मुद्दे पर ही लड़ेगी। उन्होंने कहा था कि अब चिट्टा मुक्त पंजाब की बारी है। शाह ने यह भी बताया था कि मोदी सरकार ने 2014 से 2024 के बीच 1 करोड़ 20 लाख किलोग्राम नशे का सामान जब्त है। जिसकी कीमत लगभग 1,90,000 करोड़ रुपये के आसपास है।
