April 16, 2026

Hind foucs news

hindi new update

पार्ट टाइम पॉलिटिशन…नितिन नबीन ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर साधा निशाना, बीजेपी कार्यकर्ताओं को दिया सफलता का मंत्र

नई दिल्ली। बीजेपी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन पद संभालने के बाद आज पहली बार अपने गृह राज्य बिहार पहुंचे। इस दौरान पहले उन्होंने रोड शो किया जिसमें बड़ी संख्या में समर्थकों ने उनके स्वागत में फूल बरसाए। इसके बाद पटना में एक जनसभा को संबोधित किया। नितिन नबीन ने बीजेपी कार्यकर्ताओं को सफलता का मंत्र बताते हुए धैर्य और प्रतिबद्धता के साथ काम करने की सीख दी। साथ ही उन्होंने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव को भी निशाने पर लिया। नितिन नबीन ने कहा कि कुछ लोग पार्ट टाइम पॉलिटिशिन हैं, एक तो राहुल बाबा हैं और बिहार में भी एक हैं तेजस्वी यादव।

नितिन नबीन ने कहा कि पार्ट टाइम पालिटिशन, सदन चलता है तो सदन में नजर नहीं आते। जब हार होती है तो विदेश चले जाते हैं। राहुल गांधी ने अभी जर्मनी से देश को अपमानित किया है। उनकी एक प्रथा है जब देश में रहेंगे तो संविधान को गाली देंगे, चुनाव आयोग को गाली देंगे, सुप्रीम कोर्ट की अवमानना करेंगे और जब देश से बाहर जाएंगे तो देश को ही गाली देंगे। ऐसे लोगों को सजा देने का समय आ गया है। बिहार की जनता ने सजा दिया, जो वोट की चोरी का आरोप लगाते थे बिहार की जनता ने वोट की ऐसी चोट दी कि बिहार से जो भागे हैं तो जर्मनी में जाकर बसेंगे।

बीजेपी कार्यकर्ताओं को सीख देते हुए कार्यकारी अध्यक्ष बोले, राजनीति में शॉर्टकट के लिए कोई जगह नहीं है। राजनीति में अगर लंबी दूरी तक जाना है तो धैर्यपूर्वक कमिटमेंट के साथ काम करिए, बीजेपी का वॉच टावर इतना मजबूत है कि आपको बूथ से उठाकर केंद्रीय नेतृत्व तक पहुंचा देगा। आप बस अपने काम पर विश्वास कीजिए। बिहार ने हमें जो जनादेश दिया है इससे हमारी जवाबदेही बढ़ चुकी है। हमें जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना है और जनता के साथ जुड़कर काम करना है। नितिन नबीन ने कहा कि आने वाले पांच साल में 2025-30 का बिहार निसंदेह विकास के नए अध्याय लिखेगा, जिसमें युवाओं के लिए व्यापक रोजगार के अवसर और निवेश के व्यापक अवसर शामिल होंगे। बिहार को आगे ले जाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को कड़ी मेहनत और प्रयास करने होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *