‘होर्मुज को अमेरिका का क्षेत्र घोषित करूंगा’, ट्रंप ने किया एलान तो ईरान बोला- हम धमकियों से नहीं डरते
न्यूयॉर्क/तेहरान। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य के बारे में बड़ा एलान किया है। ट्रंप ने न्यूयॉर्क स्टेट में पुलिस अकादमी में रैली के दौरान कहा कि ईरान को बुरी तरह हराने के बाद, जल्द ही होर्मुज को अमेरिका का क्षेत्र घोषित कर दूंगा। ट्रंप ने कहा कि ये सच है। होर्मुज पर ट्रंप के इस बयान पर ईरान ने तुरंत पलटवार किया। ईरान के उप विदेश मंत्री काजेम गरीबाबादी ने कहा कि इस रणनीतिक जलमार्ग पर धमकियों, सैन्य तैनाती या राजनीतिक एलान के जरिए कब्जा नहीं किया जा सकता।
गरीबाबादी ने कहा कि ईरान न तो धमकियों से डरता है और न ही ताकत के दिखावे से घबराता है। ईरान के उप विदेश मंत्री ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य ईरान का था, है और आगे भी रहेगा। इसे सिर्फ ईरान के कमांड में ही बंद और खोला जाएगा। काजेम गरीबाबादी ने कहा कि एक बार और हमेशा के लिए सच्चाई मान लेनी चाहिए। अब तक आपको रणनीतिक और भारी पराजय का सामना करना पड़ा है। उन्होंने कहा कि तेहरान उस वक्त तक होर्मुज की नाकेबंदी जारी रखेगा, जब तक अमेरिकी अपनी पराजय न स्वीकार कर लें और अपनी हवा-हवाई गलतफहमियों से बाहर न निकल जाएं।
होर्मुज से जहाजों के आवागमन के मसले पर अमेरिका और ईरान के बीच तनाव जारी है। डोनाल्ड ट्रंप के आदेश पर जहां अमेरिकी नौसेना ने होर्मुज से होकर ईरान के बंदरगाहों पर जाने वाले जहाजों के लिए नाकाबंदी कर रखी है। वहीं, ईरान की आईआरजीसी भी अब तक होर्मुज में तमाम जहाजों पर हमले कर चुकी है। जिसमें कई नाविकों को जान भी गंवानी पड़ी। अमेरिका और इजरायल ने मिलकर 28 फरवरी से ईरान के खिलाफ युद्ध शुरू किया था। दोनों पक्षों के बीच 39 दिन तक युद्ध चला। फिर ट्रंप ने अपनी तरफ से युद्धविराम घोषित किया। इसके बाद बातचीत के जरिए अमेरिका और ईरान ने शांति समझौते के एमओयू पर दस्तखत किए, लेकिन ईरान ने अचानक होर्मुज में जहाजों पर हमले शुरू कर दिए। जिसके जवाब में अमेरिका ने भी ईरान पर फिर हमले किए। अभी दोनों तरफ से हमले बंद हैं, लेकिन तनाव बना हुआ है।
