April 21, 2026

Hind foucs news

hindi new update

दिल्ली में जनता से किए वादे पूरे करने में जुटी बीजेपी की सरकार, सीएम रेखा गुप्ता ने पीएम मोदी से की मुलाकात

नई दिल्ली। दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने पद संभालने के बाद शनिवार को पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। माना जा रहा है कि सीएम रेखा गुप्ता ने दिल्ली में बीजेपी की तरफ से जनता को किए गए वादे पूरे करने के संबंध में पीएम मोदी से दिशानिर्देश लिया। इसी महीने दिल्ली विधानसभा में सभी विधायक शपथ लेंगे। फिर अध्यक्ष का चुनाव होगा। जिसके बाद रेखा गुप्ता सरकार बजट पेश करेगी। रेखा गुप्ता ने पहले ही एलान किया है कि बजट पास कराने के बाद 8 मार्च को दिल्ली की गरीब महिलाओं को हर महीने 2500 रुपए देने की योजना के तहत पहली किस्त दे दी जाएगी।

सीएम रेखा गुप्ता ने पहली कैबिनेट बैठक में ये तय किया था कि दिल्ली में गरीबों और बुजुर्गों के लिए आयुष्मान भारत योजना लागू हो। साथ ही कैबिनेट ने ये भी तय किया था कि सीएजी की सभी रिपोर्टों को विधानसभा के पटल पर रखा जाएगा। सीएम रेखा गुप्ता को इसके अलावा गर्भवती महिलाओं को 21000 रुपए देने, दिल्ली में बुजुर्गों को 3000 रुपए पेंशन, यमुना की सफाई, कूड़ा निस्तारण, गलियों और सड़कों को चमकाने के अलावा पब्लिक ट्रांसपोर्ट के लिए नई बसें खरीदने का वादा भी पूरा करना है। बीजेपी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले वादा किया था कि मुफ्त बिजली और पानी की सुविधा उसकी सरकार बनने पर मिलती रहेगी। ऐसे में सीएम रेखा गुप्ता को इस मद के लिए भी दिल्ली के बजट में व्यवस्था करनी है। वहीं, रेखा गुप्ता की सरकार के मंत्री भी दिल्ली की दशा सुधारने के लिए मैदान में उतर पड़े हैं। मंत्री प्रवेश वर्मा ने आज कई इलाकों का दौरा किया।

दिल्ली में बीजेपी ने 70 सीट वाली विधानसभा के चुनाव में 48 सीट हासिल की है। जबकि, लगातार 10 साल से भी ज्यादा वक्त से दिल्ली की सत्ता पर काबिज अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी को इस बार जनता ने झटका देते हुए 22 सीट ही सौंपी। अरविंद केजरीवाल के अलावा आम आदमी पार्टी के नंबर दो नेता मनीष सिसोदिया, मंत्री सौरभ भारद्वाज, पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन और राखी बिडलान समेत तमाम नेता विधानसभा चुनाव हार गए। सीएम आतिशी और गोपाल राय पार्टी के उन नेताओं में हैं, जो अपनी सीट बचाने में कामयाब हुए।