पाकिस्तान में बैठे इन 23 लोगों को भारत ने घोषित किया आतंकी, तीन लश्कर चीफ हाफिज सईद के करीबी
नई दिल्ली। पाकिस्तान में छिपे आतंकियों के खिलाफ मोदी सरकार ने सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसे बड़े कदम उठाए। अब मोदी सरकार ने पाकिस्तान के 23 लोगों को आतंकवादी घोषित किया है। अमित शाह के गृह मंत्रालय ने यूएपीए के तहत पाकिस्तान के इन लोगों को आतंकी घोषित किया है। आतंकी घोषित किए गए लोग लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े हुए हैं।
केंद्र सरकार के नोटिफिकेशन के मुताबिक पाकिस्तान के ये 23 लोग जम्मू-कश्मीर में आतंकी गतिविधियों के लिए भर्ती करने, घुसपैठ, ड्रोन के जरिए हथियार पहुंचाने और हमलों की साजिश के आरोपी हैं। आतंकी घोषित किए जाने वालों में तीन लश्कर के मुखिया हाफिज सईद के करीबी हैं। इनके नाम अब्दुल रऊफ, हाफिज खालिद वलीद और राणा इफ्तिखार हैं। तीन लोग साल 2016 में नगरोटा में सेना के कैंप पर हमले की साजिश में शामिल रहे हैं। जबकि, दो अन्य साल 2018 में सुंजवान में सैन्य अड्डे पर हमले में शामिल थे।
गृह मंत्रालय ने नोटिफिकेशन में कहा है कि राणा इफ्तिखार जिहादी संगठनों के बीच तालमेल का काम करने के साथ ही युवाओं को आतंकी गतिविधियों के लिए उकसाता है। वहीं, अब्दुल रऊफ लश्कर और उसके मुखौटा संगठन जमात-उद-दावा से जुड़ा है। अब्दुल रऊफ भी आतंकी वारदात की साजिश रचने, आतंकियों में तालमेल और फंड इकट्ठा करने के काम से जुड़ा है। वो हाफिज सईद के लश्कर के मुख्य आतंकियों में है। हाफिज खालिद वलीद के बारे में बताया गया है कि वो हाफिज सईद की सुरक्षा करता है। साथ ही कई आतंकी वारदात का उसे मास्टरमाइंड बताया गया है। भारत पहले भी दाऊद इब्राहिम समेत पाकिस्तान में छिपे तमाम आतंकियों और डॉन की लिस्ट सौंपता रहा है, लेकिन पाकिस्तान इनके अपने यहां होने से ही इनकार करता है। वहीं, भारत ने अब आतंकियों की जो लिस्ट तैयार की है, वे सभी आए दिन पाकिस्तान में देखे जाते हैं।
