चेकबुक से लेन-देन करने वालों के लिए अहम खबर, बैंकों ने बनाया है ये नया नियम
नई दिल्ली। अगर आप चेक से लेन-देन करते हैं, तो इस खबर को ध्यान से पढ़ लीजिए। कई सरकारी और निजी बैंकों ने चेकबुक में बदलाव किया है। ये बैंक अल्फा न्यूमेरिक कोड वाली चेकबुक जारी कर रहे हैं। नए चेक बुक के बारे में ग्राहकों को बैंकों की तरफ से एसएमएस और ई-मेल भेजा जा रहा है। जिसमें नया चेकबुक लेने की सलाह दी जा रही है।
नए नियमों के तहत 31 दिसंबर 2026 के बाद 50 हजार रुपए या उससे ज्यादा की राशि के ऐसे चेक ही स्वीकार किए जाएंगे, जिन पर अल्फा न्यूमेरिक कोड होगा। ऐसे कोड में अंग्रेजी अक्षरों के साथ अंकों का खास संयोजन होता है। जिससे चेक की पहचान और सुरक्षा ज्यादा पुख्ता होती है। चेक में फर्जीवाड़ा को रोकने के लिए बैंकों ने अल्फा न्यूमेरिक चेक संबंधी नियम तय किया है। नया चेक बुक जारी करने के एवज में बैंक शुल्क भी लेते हैं। चेकबुक के लिए बैंकों ने अलग-अलग शुल्क तय किया हुआ है। आप अगर नया अल्फा न्यूमेरिक चेकबुक लेते हैं, तो बैंक अपने नियम के हिसाब से खाते से पैसा काट लेगा।
इससे पहले कई बार चेक के जरिए धोखाधड़ी या उसमें फर्जीवाड़ा कर रकम बढ़ाए जाने की घटनाएं सामने आती रही हैं। इसके बाद बैंकों ने नियम बनाया था कि 5 लाख या उससे ज्यादा की रकम होने पर चेक जारी करने वाले को फोन कर पुष्टि की जाएगी। इसके अलावा चेक पर लिखे एक खास कोड को भी बैंक को बताना जरूरी किया गया था। आज भी तमाम लोग चेक से लेन-देन करते हैं। खासकर कारोबार करने वाले चेकबुक का इस्तेमाल करते हैं। इसकी वजह ये है कि 2 लाख से ज्यादा का कैश ट्रांजैक्शन करने पर रोक लगी हुई है। अगर आपके पास चेकबुक है, तो अपने बैंक की ब्रांच जाकर अभी जानकारी लें। ताकि जनवरी 2027 से चेक के जरिए लेन-देन में आपको किसी तरह की दिक्कत न हो।
