August 21, 2026

Hind foucs news

hindi new update

अमित शाह का ममता बनर्जी पर आरोप, हम हाथ-पैर जोड़कर थक गए लेकिन उन्होंने बीएसएफ को नहीं दी जमीन

नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज पश्चिम बंगाल के दौरे पर हैं। इस दौरान सिलीगुड़ी में उन्होंने एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया। शाह बोले, घुसपैठ रोकने के लिए सीमा पर पूरी तरह से बाड़ लगाना जरूरी है। हम ममता बनर्जी से हम हाथ-पैर जोड़कर थक गए लेकिन उन्होंने बीएसएफ को जमीन नहीं दी। एक बार मैं उनके ऑफिस में भी गया, मैंने कहा कि जमीन बीजेपी को नहीं बीएसएफ को देना है। उन्होंने हां तो किया लेकिन जब तक सत्ता में रहीं जमीन नहीं दी।

अमित शाह ने कहा, घुसपैठ रोककर पश्चिम बंगाल और देश को सुरक्षित बनाना बीजेपी सरकार की प्राथमिकता है और फेंसिंग इसका सबसे मजबूत उपाय है इसलिए शुभेंदु जी ने मात्र 45 दिनों में ही बीएसएफ और एसएसबी को 1,129 एकड़ भूमि उपलब्ध कराई। शाह ने सिलीगुड़ी स्थित एसएसबी फ्रंटियर मुख्यालय में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की विभिन्न परियोजनाओं के शिलान्यास एवं भूमि पूजन किया। गृह मंत्री ने इस दौरान सीमा सुरक्षा को लेकर सशस्त्र सीमा बल के जवानों की रणनीति और आधुनिक तकनीकी क्षमताओं का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि मित्र देशों के साथ सांस्कृतिक समन्वय बनाए रखते हुए हमारे एसएसबी के जवानों जिस मुस्तैदी और कुशलता से खुली सीमा को सुरक्षित बनाया है, वह सराहनीय है।

इस दौरान शाह ने स्वतंत्रता दिवस समारोह का भी जिक्र किया। गृह मंत्री बोले, इस बार का 80वां स्वतंत्रता दिवस का समारोह कुछ अलग ही था। 150 साल के बाद और आजादी के 80 साल के बाद लाल किले से पूर्ण रूपेण वंदे मातरम का गान देशवासियों और दुनिया ने सुना। बंकिम बाबू की यह अमर कृति, जिसने हमारे आजादी के आंदोलन में न केवल गति भरी, एक लक्ष्य दे दिया कि आजाद भारत कैसा होगा। एक ही गान से, एक ही पुस्तक की रचना करके उन्होंने तय कर दिया कि आजादी भारत को सांस्कृतिक राष्ट्रवाद को गले लगाकर आगे बढ़ना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *