एसबीआई में बेसिक सेविंग्स खाता है तो महीने में बस इतने बार ही बिना शुल्क के निकाल सकेंगे नकदी, जानिए डिजिटल ट्रांजैक्शन पर क्या होगा?
नई दिल्ली। अगर आपका भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) में खाता है, तो इस खबर को ध्यान से पढ़ लीजिए। एसबीआई ने बेहद अहम जानकारी दी है। ये जानकारी आपके बैंक खाते से नकदी निकालने के बारे में है। एसबीआई ने तय किया है कि 1 अक्टूबर 2026 से उसके ग्राहक अपने बेसिक सेविंग्स बैंक खाते से बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के सिर्फ 4 बार ही नकदी निकाल सकेंगे। एसबीआई ने अपने ग्राहकों से कहा है कि वे इस अहम बदलाव को नोट कर उसके मुताबिक ही लेन-देन करें।
एसबीआई ने नकदी निकालने संबंधी नया नियम सिर्फ बेसिक सेविंग्स बैंक खातों के लिए बनाया है। यानी वे बैंक खाते, जिनको सीधे बैंक की शाखाओं के जरिए खोला गया है। एसबीआई का बेसिक सेविंग्स बैंक खाता एक तरह से जीरो बैलेंस वाला होता है। इसे लोगों को बिना न्यूनतम राशि रखे बैंकिंग सेवा देने के लिए खोला जाता है। बेसिक सेविंग्स बैंक खाताधारकों को रुपे डेबिट कार्ड भी दिया जाता है। नए नियम के तहत ऐसे खातों से हर महीने सिर्फ 4 बार बिना किसी शुल्क के नकदी निकाली जा सकेगी। इससे ज्यादा बार नकदी निकालने पर हर ट्रांजैक्शन पर 15 रुपए और जीएसटी देना होगा।
एसबीआई ने बताया है कि बेसिक सेविंग्स बैंक खातों से सभी डिजिटल लेन-देन पहले की ही तरह मुफ्त रहेंगे। यानी इनकी संख्या पर कोई रोक नहीं लगाई गई है। बाकी बैंक की शाखा और एटीएम के जरिए नकदी निकालने पर 4 बार की सीमा तय की गई है। पहले से ही एसबीआई दूसरे बैंक के एटीएम से हर महीने 5 बार बिना किसी शुल्क के नकदी निकालने की सुविधा दे रहा है। जो लोग हर महीने कई बार अपने खाते से नकदी निकालते हैं, उनको एसबीआई के नए नियम के कारण शुल्क चुकाना पड़ेगा। ऐसे में अगर आपके पास भी एसबीआई का बेसिक सेविंग्स खाता है, तो ध्यान रखें कि 4 बार से ज्यादा नकदी न निकालें।
