ऑपरेशन सिंदूर बयान पर अलग-थलग पड़े चिदंबरम, शिवसेना यूबीटी और आप का भी नहीं मिला साथ
नई दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम ऑपरेशन सिंदूर पर पाकिस्तान का बचाव करके अब घिरते नजर आ रहे हैं। चिदंबरम के बयान से कहीं न कहीं कांग्रेस भी असहज महसूस कर रही है और यही कारण है कि जब कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई से पत्रकारों ने चिदंबरम के बयान पर प्रतिक्रिया मांगी तो उन्होंने कहा कि इसके बारे में और जानकारी चिदंबरम ही दे पाएंगे। इस प्रकार से सीधे तौर पर कुछ भी कहने से बचते हुए एक तरह से उन्होंने बयान से किनारा कर लिया। यहां तक कि महाराष्ट्र में कांग्रेस की सहयोगी शिवसेना यूबीटी ने भी चिदंबरम के बयान पर स्पष्ट कहा है कि पहलगाम हमले में पाकिस्तान का हाथ है। उधर, विपक्षी आम आदमी पार्टी ने भी चिदंबरम के इस बयान से पल्ला झाड़ लिया है।
लोकसभा में ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा शुरू होने से पहले कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई से जब पत्रकारों ने सवाल किया कि चिदंबरम के उस बयान पर जिसमें उन्होंने कहा कि पहलगाम आतंकी हमले में शामिल आतंकियों के पाकिस्तान से आने के कोई सबूत नहीं हैं इस पर क्या कहेंगे तो गोगोई बोले, क्योंकि चिदंबरम ने यह बात रखी है निश्चित ही वो और जानकारी आप सभी को दे पाएंगे।
उधर, महाराष्ट्र में विपक्ष के महाविकास अघाड़ी गठबंधन में शामिल शिवसेना (यूबीटी) के नेता अंबादास दानवे ने कहा कि यह स्पष्ट रूप से बताया गया है कि आतंकवादी संगठन पाकिस्तान से है। भारतीय सेना ने तहकीकात किए बिना पाकिस्तान पर हमला थोड़ी ही किया है। इसलिए, यह पाकिस्तान का हाथ है। भारत में आतंकवाद को पाकिस्तान ही बढ़ावा देता है। पाकिस्तान का ही पहलगाम हमले में हाथ था और यही देश की भावना है।
उधर, आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने पी. चिदंबरम के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि चिदंबरम क्या कह रहे हैं ये वही जान सकते हैं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान का तो पुराना इतिहास रहा है, भारत में आतंकवाद फैलाने का, भारत में सभी आतंकवादी हमलों के पीछे पाकिस्तान का ही हाथ रहा है। संजय सिंह ने कहा कि इसलिए मैं यह नहीं कह बता कि चिदंबरम ने किस आधार पर यह बयान दिया है और उनकी जानकारी का स्रोत क्या है।
