इमरान खान को जांच के बाद फिर जेल में शिफ्ट किया गया, देर रात ले जाया गया था अस्पताल
नई दिल्ली। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को कड़ी सुरक्षा के बीच गुरुवार देर रात रावलपिंडी की अदियाला जेल से इस्लामाबाद के शिफा इंटरनेशनल अस्पताल मेडिकल चेकअप के लिए ले जाया गया। अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने इमरान खान के स्वास्थ्य संबंधी कई जांच की। जियो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, कुछ घंटों के बाद पूर्व पाक पीएम को फिर से अदियाला जेल में उनकी बैरक में शिफ्ट कर दिया गया। इमरान खान को जेल से अस्पताल ले जाते समय रास्ते में जगह-जगह पर सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया था। अस्पताल को भी छावनी में तब्दील कर दिया गया था। पूरे अस्पताल परिसर में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए थे।
पाकिस्तानी सुप्रीम कोर्ट ने हाल ही में इमरान खान को इलाज के लिए अस्पताल में शिफ्ट करने का आदेश दिया था। सुप्रीम कोर्ट के इसी आदेश का अनुपालन करते हुए पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) पार्टी के संस्थापक को जेल से अस्पताल ले जाया गया था। सुप्रीम कोर्ट के तीन जजों की बेंच ने इमरान खान की सेहत की जांच के लिए एक मेडिकल बोर्ड का गठन करने का भी निर्देश दिया था। हालांकि अब सवाल यह उठ रहा है कि आखिर कुछ ही घंटों में इमरान खान को वापस जेल क्यों भेज दिया गया?
इससे पहले सरकार की ओर से सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर इमरान खान को अस्पताल शिफ्ट करने के आदेश की समीक्षा का अनुरोध किया गया था। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट के रजिस्ट्रार दफ्तर ने सरकार की उस समीक्षा याचिका में कुछ आपत्तियां पाई और उसे वापस लौटा दिया है। संभावना जताई जा रही है कि सरकार इन आपत्तियों को दूर करने के बाद फिर से याचिका दायर करेगी। इमरान खान 2023 से जेल में बंद हैं। तोशाखाना मामले में इमरान खान को दिसंबर 2025 में विशेष अदालत ने 17 साल की कैद की सजा सुनाई थी।
