होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों पर लगेगा टोल, ईरान सरकार के फैसले से हालात और बिगड़ने के आसार
तेहरान। होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों से अब ईरान टोल टैक्स वसूलेगा। ईरान की सरकारी मीडिया आईआरआईबी के मुताबिक राष्ट्रीय सुरक्षा आयोग के सदस्य ने बताया कि इस्लामी सरकार ने होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों से टोल लेने की योजना को मंजूरी दे दी है। इसमें होर्मुज की सुरक्षा, जहाजों की सुरक्षा और पर्यावरण के बचाव के नियम शामिल हैं। होर्मुज से जो भी जहाज गुजरेंगे, उनको ईरान की मुद्रा में टोल देना होगा। ईरान के इस फैसले से कच्चे तेल और गैस का संकट झेल रहे देशों के हालात और बिगड़ सकते हैं।
आईआरआईबी के मुताबिक होर्मुज स्ट्रेट से अमेरिका और इजरायल के जहाजों को ईरान नहीं गुजरने देगा। ईरान के खिलाफ प्रतिबंध लगाने वाले देशों के जहाज भी होर्मुज से नहीं जा सकेंगे। होर्मुज स्ट्रेट समुद्र का बहुत अहम रास्ता है। कच्चे तेल और गैस की आपूर्ति का बड़ा हिस्सा होर्मुज से होकर ही जाता है। ऐसे में ईरान की ओर से जहाजों से टोल लेना अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करने का है। अब तक होर्मुज से जहाज बिना कोई अतिरिक्त पैसा दिए गुजरते थे। ईरान के होर्मुज पर टोल लगाने के फैसले से अमेरिका और इजरायल से उसकी तनातनी और बढ़ने के आसार हैं।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कहा था कि अगर ईरान ने तुरंत होर्मुज को जहाजों के लिए नहीं खोला, तो उसके पावर प्लांट्स और खार्ग द्वीप में कच्चे तेल के इन्फ्रास्ट्रक्चर को पूरी तरह नष्ट कर दिया जाएगा। ट्रंप की इस धमकी के बाद ही ईरान ने होर्मुज में टोल लगाने संबंधी जानकारी दी है। वहीं, अमेरिका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने फॉक्स न्यूज से कहा कि उनका देश होर्मुज स्ट्रेट पर फिर नियंत्रण करेगा। बेसेंट ने कहा कि कुछ देश ईरान से समझौता कर अपने जहाजों को होर्मुज से गुजार रहे हैं। भविष्य में अमेरिका अपने और दूसरे के जहाजों की होर्मुज से सुगम आवाजाही तय कराएगा। ईरान के खिलाफ अमेरिका और इजरायल ने 28 फरवरी से युद्ध शुरू किया था। जिसकी वजह से ईरान समेत खाड़ी देशों में बहुत तबाही हुई है। दोनों ही पक्ष पीछे हटने के लिए तैयार नहीं हैं।
