अमेरिका के एक होटल में लगी आग, गुजराती परिवार के तीन सदस्यों की दम घुटने से मौत
नई दिल्ली। अमेरिका के वॉर्सेस्टर में एक होटल में आग लग जाने से गुजराती परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई है। मृतकों की पहचान हितेश सुथार उनकी पत्नी हिनाबेन और उनकी बेटी ईशानी के रूप में हुई है। ये लोग मुख्य रूप से गुजरात के नाडियाड जिले के रहने वाले थे और पिछले दो सालों से अमेरिका में रह रहे थे। यह घटना बुधवार रात करीब 1:30 बजे की। आग क्यों लगी इसकी सटीक जानकारी जांच पूरी होने के बाद ही पता चल सकेगी। वहीं नाडियाड में मृतकों के परिजनों इस खबर से बेहद सदमा लगा है और वो बहुत दुखी हैं।
जानकारी के अनुसार जिस होटल में आग लगी उसका नाम इकोनो लॉज है। हितेश इसी इकोनो लॉज में काम करते थे और उनका परिवार भी होटल परिसर में ही रहता था। होटल में आग के वक्त गुजराती परिवार वहीं मौजूद था। देखते ही देखते आग बढ़ गई और पूरे होटल को अपनी चपेट में ले लिया। हितेश सुथार, हिनाबेन और उनकी बेटी ईशानी ने बिल्डिंग से निकलने का प्रयास किया मगर वो बाहर नहीं आ सके। इसके बाद उन्होंने बचने के लिए खुद को बाथरूम में बंद कर लिया। आग का धुआं पूरे होटल में भर गया और इस कारण दम घुटने से उन तीनों की मौत हो गई।
फायर ब्रिगेड की टीम को आग बुझाने में कड़ी मशक्कत का सामना करना पड़ा। आग बुझाने के बाद जब रेस्क्यू टीम होटल में दाखिल हुई तो वहां बाथरूम में हितेश, हिनाबेन और ईशानी मृत अवस्था में मिले। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। स्थानीय प्रशासन की टीम ने घटना की जांच शुरू कर दी है। हितेश एक बेहतर जिंदगी का सपना लेकर अमेरिका में शिफ्ट हुए थे मगर नियती को कुछ और ही मंजूर था। इस घटना से अमेरिका में रहने वाले हितेश के परिचित भी काफी गमगीन हैं।
