एक्सपायर हो चुके खाने-पीने के सामान की री-पैकिंग कर बेचने वाले बड़े गिरोह का दिल्ली पुलिस ने किया भंडाफोड़, 7 गिरफ्तार
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने ओखला में छापेमारी कर एक ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ किया है जो खाने-पीने के एक्सपायर हो चुके सामान की एक्सपायरी डेट बदलकर उसे बेचता था। ओखला इंडस्ट्रियल एरिया थाने की टीम ने सात लोगों को गिरफ्तार किया है। जिस जगह पर छापेमारी की गई वहां से बड़ी संख्या में कई इंटरनेशनल ब्रांड के खाद्य पदार्थ जब्त किए गए हैं। जब्त खाद्य पदार्थ की कीमत लगभग 20 लाख रुपए के आसपास आंकी गई है। भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) और ‘मिशन मुक्ति’ नाम के एक गैर-सरकारी संगठन ने इस रैकेट का भंडाफोड़ करने में पुलिस की मदद की।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर उन्होंने ओखला के फेज-2 में स्थित ‘मैसर्स वेस्टनेड कॉर्पोरेशन प्राइवेट लिमिटेड’ में छापेमारी की। यहां एक्सपायर हो चुके इंटरनेशनल ब्रांड के खाने-पीने के सामान को गैर-कानूनी तरीके से बेचने, मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट में हेर-फेर करने और एक्सपायर हो चुके सामान की रीपैकेजिंग करके उन्हें बाजार में बेचने का काम होता था। यह लोग केमिकल और थिनर का इस्तेमाल करके खाद्य पदार्थों के पैकेट पर लिखी मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट को मिटा देते थे। इसके बाद प्रिटिंग मशीनों के जरिए उन पर नई फर्जी तारीखें और बारकोड प्रिंट कर देते थे। दिल्ली पुलिस को मैगी, कोल्ड ड्रिंक, बॉर्नविटा, हॉर्लिक्स, घी, नमक, पेपर बोट जूस जैसे खाने पीने के कई प्रोडक्ट वहां से मिले हैं। हालांकि यहां पर नाबालिग बच्चों के काम करने की सूचना पर छापेमारी की गई थी मगर वहां छानबीन में कुछ और ही मामला सामने आया। दिल्ली पुलिस उपायुक्त डॉ. हेमंत तिवारी के मार्गदर्शन में एसीपी अनिल शर्मा की देखरेख में इंस्पेक्टर अनिल मलिक और उनकी टीम ने इस गिरोह का भंडाफोड़ किया है।
इन सात लोगों की हुई है गिरफ्तार
दर्शन सिंह सचदेवा (मालिक), नितेश भारद्वाज (मैनेजर), नरेंद्र कुमार (अकाउंटेंट), कपिल (ऑपरेटर), लकी ओझा (वेयर हाउस कीपर), प्रेम यादव (सुपरवाइजर) और पवन कुमार यादव (सुपरवाइजर) को गिरफ्तार किया गया है।
