बीएलए विद्रोहियों ने पाकिस्तान कोस्ट गार्ड कैंप पर हमला कर 30 से ज्यादा जवानों को मारने का किया दावा, कहा- भविष्य में भी जारी रहेंगे ऐसे ऑपरेशन
क्वेटा। बलूच विद्रोहियों ने एक बार फिर पाकिस्तान की सेना पर बड़ा हमला किया है। बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) का दावा है कि उसने बलूचिस्तान प्रांत के ग्वादर में पाकिस्तान कोस्ट गार्ड के कैंप पर हमला किया। पाकिस्तान कोस्ट गार्ड का ये कैंप जिवानी इलाके में है। इसे पनवान कैंप के नाम से पहचाना जाता है। बीएलए ने दावा किया है कि उसके हमले में पाकिस्तान के 30 से ज्यादा जवान मारे गए। कई अन्य इस हमले में घायल हुए हैं। पाकिस्तान सरकार या सेना ने अब तक बीएलए के दावे की पुष्टि नहीं की है। हालांकि, पाकिस्तान सरकार ऐसे हमलों की जानकारी पहले भी दबाती रही है।
बीएलए के प्रवक्ता जीयंद बलोच ने कहा कि पाकिस्तान कोस्ट गार्ड केंप पर शुक्रवार की शाम को हमला बोला गया। संगठन का दावा है कि मजीद ब्रिगेड के फिदायीन अताउल्लाह बलोच उर्फ अजमल ने ट्रक में विस्फोटक भरकर पाकिस्तान कोस्ट गार्ड के कैंप में पहुंचकर धमाका कर दिया। जीयंद बलोच के मुताबिक बीएलए फिदायीन के हमले में पाकिस्तान कोस्ट गार्ड के कैंप को जबरदस्त नुकसान पहुंचा। वहां ज्यादातर चीजें मलबे में बदल गईं। बीएलए का ये भी दावा है कि इस धमाके के बाद विद्रोहियों के फतेह स्क्वॉड ने कैंप को चारों ओर से घेरकर हमला किया। जिसमें तमाम सुरक्षाकर्मी मारे गए।
बीएलए ने कहा है कि बलूचिस्तान की पाकिस्तान से आजादी की मांग करते हुए ऐसे हमले भविष्य में भी जारी रहने वाले हैं। बता दें कि पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में बीएलए ऐसे बहुत सारे हमले कर चुका है। कुछ महीने पहले बीएलए ने पाकिस्तान सेना के काफिले पर हमला कर तमाम जवानों को मार दिया था। वहीं, जाफर एक्सप्रेस ट्रेन पर हमला कर पाकिस्तान सेना और पुलिस के जवानों को बीएलए के विद्रोहियों ने मार दिया था। बीएलए का कहना है कि पाकिस्तान की सेना और सरकार ने बलूचिस्तान पर कब्जा कर रखा है और वहां के लोगों पर अत्याचार किया जा रहा है। वहीं, पाकिस्तान की सरकार इन विद्रोहियों को आतंकवादी बताती है।
