गाजा में हमास के ठिकाने पर इजरायल का हमला, आईडीएफ ने संघर्ष विराम उल्लंघन का लगाया आरोप
नई दिल्ली। गाजा में हमास के ठिकाने को निशाना बनाते हुए इजरायल ने एक बार फिर से हमला किया है। पूर्वी राफा में इजरायली सैनिकों पर हुए हमले के बाद आईडीएफ की ओर से दक्षिण गाजा पर इस एयरस्ट्राइक को अंजाम दिया गया। इजरायल डिफेंस फोर्स (आईडीएफ) की ओर से इस संबंध में जानकारी देते हुए दावा किया गया है कि हमास की ओर से युद्धविराम समझौते का उल्लंघन करते हुए उसके आतंकियों ने सैनिकों पर हमला किया। आईडीएफ के मुताबिक पूर्वी राफा में इजरायली सैनिकों का सामना कई आतंकवादियों से हुआ, जो युद्धविराम समझौते का उल्लंघन करते हुए एक भूमिगत आतंकवादी ठिकाने से निकले और उन पर हमला कर दिया।
आईडीएफ ने बताया कि इस मुठभेड़ में आईडीएफ के पांच सैनिक घायल हो गए हैं जिनको इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दूसरी तरफ गाजा की सिविल डिफेंस एजेंसी का कहना है कि इजरायल ने गाजा में जो एयरस्ट्राइक की उसमें पांच लोगों की मौत हुई है जिनमें दो बच्चे भी शामिल हैं। सिविल डिफेंस के मुताबिक फील्ड अस्पताल के पास स्थित शरणार्थी कैंप पर आईडीएफ का हमला हुआ। इजरायल और हमास के बीच युद्ध विराम समझौते को लागू हुए लगभग दो महीने होने को हैं इसके बावजूद हालात अभी भी तनावपूर्ण बने हुए हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मध्यस्थता के चलते 10 अक्टूबर को हमास और इजरायल के बीच संघर्ष विराम समझौता लागू हुआ था। इसके बाद हमास ने 20 इजरायली बंधकों को रिहा किया था और कुछ मृतक बंधकों के शव भी वापस लौटाए थे। हालांकि इजरायल डिफेंस फोर्स की ओर से यह दावा किया गया कि नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेंसिक मेडिसिन में जांच पूरी होने के बाद यह पाया कि हमास द्वारा लौटाए गए शवों में एक शव किसी भी बंधक से मेल नहीं खाता। इसके बाद हमास को इजरायल ने चेतावनी भी दी थी।
