August 10, 2026

Hind foucs news

hindi new update

भारतीय छात्र जर्मनी एयरपोर्ट से गिरफ्तार, अमेरिका में गर्लफ्रेंड की हत्या कर भागने का आरोप

नई दिल्ली। जर्मनी एयरपोर्ट से एक भारतीय छात्र को गिरफ्तार किया गया है। उस पर अमेरिका के एरिजोना में अपनी गर्लफ्रेंड की गला घोंटकर हत्या करने का आरोप है। हत्यारोपी भारतीय छात्र का नाम वरुण बाचीगारी है और उसकी उम्र 20 साल है। मृतका की पहचान 19 वर्षीय जुलिसा रूबी सालाजार के रूप में हुई है। उसका शव 6 अगस्त को एरिजोना के टक्सन स्थित एक फ्लैट में मिला था। टक्सन पुलिस का आरोप है कि वरुण बाचीगारी ने अपनी गर्लफ्रेंड की हत्या की और उसके बाद बचने के लिए वो अमेरिका से निकल गया। उसका प्लान जर्मनी होते हुए भारत भागने का था।

पुलिस ने बताया कि जर्मनी एयरपोर्ट पर जब वो भारत के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट पकड़ने वाला था उसी वक्त उसे पकड़ लिया गया। टक्सन पुलिस और अमेरिकी जांच एजेंसी (एफबीआई) ने जर्मनी के अधिकारियों के साथ मिलकर वरुण बाचीगारी को पकड़ा है। अब उसे अमेरिका लाए जाने की प्रक्रिया चल रही है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक जुलिसा और वरुण के बीच अक्सर लड़ाई होती थी। इसका कारण वरुण के द्वारा जूलिया का शारीरिक उत्पीड़न और यौन हमले किया जाना था। इसलिए जूलिया वरुण के साथ अपने संबंध खत्म करना चाहती थी और संभवत: इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ जिसके बाद गुस्से में आकर वरुण ने जूलिया की हत्या कर दी।

पुलिस के अनुसार, पड़ोस के लोगों ने 5 अगस्त को उसके कमरे से चिल्लाने की आवाजें सुनी थीं। वरुण को अमेरिका लाए जाने के बाद उससे गहन पूछताछ की जाएगी उसके बाद हत्या की स्पष्ट वजह सामने आएगी। वरुण यूनिवर्सिटी ऑफ एरिजोना में बिजनेस एनालिस्ट का स्टूडेंट था। उसके खिलाफ पिएमा काउंटी कोर्ट में मारपीट का मामला भी लंबित था। इसी वजह से उसका यूनिवर्सिटी से निष्कासन हो गया था। यह भी पता चला है कि वरुण पार्टटाइम नौकरी भी करता था लेकिन हाल ही में उसकी नौकरी चली गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *