August 10, 2026

Hind foucs news

hindi new update

फिल्म ‘जोरू का गुलाम’ के डायरेक्टर शकील नूरानी गिरफ्तार, अभिनेत्री ने लगाए हैं दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग समेत कई गंभीर आरोप

नई दिल्ली। बॉलीवुड फिल्म निर्माता शकील नूरानी पर एक अभिनेत्री ने दुष्कर्म, यौन उत्पीड़न और ब्लैकमेलिंग समेत कई गंभीर आरोप हैं। 33 साल की इस एक्ट्रेस की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मुंबई पुलिस ने शकील नूरानी को गिरफ्तार कर लिया है। मुंबई की मालवाणी पुलिस ने 73 साल के नूरानी को उनके सातारा स्थित फार्महाउस से पकड़ा। बताया जा रहा है कि एफआईआर दर्ज होने के बाद से फिल्म निर्माता फरार हो गए थे। पुलिस ने नूरानी को बोरीवली हॉलीडे कोर्ट में पेश किया जहां से उनको 12 अगस्त तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया।

पीड़िता की शिकायत के अनुसार, साल 2016 में लोखंडवाला में एक अवॉर्ड फंक्शन के दौरान फिल्ममेकर शकील नूरानी से मिली थी। नूरानी ने उसे अपनी अगली फिल्म में काम देने की बात की। इसके बाद पीड़िता स्क्रिप्ट के लिए नूरानी के मालवानी स्थित घर गई थी। आरोप है कि वहीं पर सॉफ्ट ड्रिंक पीने के बाद वो बेहोश हो गई। फिर शकील नूरानी ने उसका आपत्तिजनक वीडियो बना लिया। होश में आने के बाद शकील नूरानी ने पीड़िता को उसका वो वीडियो दिखाया और उसे वायरल करने की धमकी देते हुए चुप रहने को कहा। पीड़ित महिला अभिनेत्री का आरोप है कि इसके उस वीडियो के जरिए शकील नूरानी ने उसे कई बार धमकाया और उसका यौन उत्पीड़न किया।

पीड़िता का यह भी आरोप है कि यौन संबंध बनाने के बाद नूरानी बार-बार गर्भनिरोधक गोलियां देता था। नूरानी को गिरफ्तार कर पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है। उधर, नूरानी के वकील ने अभिनेत्री के आरोपों को झूठा करार दिया है। शकील नूरानी ने जोरू का गुलाम, श्री मान आशिक, बड़े दिलवाले, विष्णु देवता, तेजाब : द एसिड ऑफ लव जैसी बहुत सी फिल्में बनाई हैं। नूरानी संजय दत्त को लेकर 2001 में जान की बाजी फिल्म बना रहे थे जिसके निर्माण को लेकर उन दोनों के बीच काफी विवाद हो गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *