August 6, 2026

Hind foucs news

hindi new update

राजपाल यादव की नई मुसीबत, अब दो प्रॉपर्टी पर नीलामी की तलवार लटकी

शाहजहांपुर। कॉमेडियन राजपाल यादव की मुश्किलों का अंत होता नहीं दिख रहा। एक्टर राजपाल यादव के सामने नई मुसीबत आई है। यूपी के शाहजहांपुर में राजपाल यादव की दो प्रॉपर्टी पर नीलामी की तलवार लटक गई है। मुंबई के सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने राजपाल यादव की दोनो प्रॉपर्टी पर नीलामी का नोटिस चस्पा किया है। बैंक के नोटिस के मुताबिक 9 सितंबर 2026 को राजपाल यादव की प्रॉपर्टी नीलाम की जाएगी। राजपाल यादव पहले ही चेक बाउंस मामले में घिरे हुए हैं।

सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के नोटिस के मुताबिक राजपाल यादव पर 16 करोड़ 61 लाख 64 हजार रुपए बकाया हैं। जबकि, एक्टर की दोनों संपत्तियों का बाजार मूल्य 3.19 करोड़ रुपए है। जानकारी के मुताबिक राजपाल यादव ने फिल्म ‘अता पता लापता’ बनाने के लिए पत्नी और मां के नाम से सेंट्रल बैंक से कर्ज लिया था। उन्होंने दोनों प्रॉपर्टी गिरवी रखकर कर्ज लिया था। राजपाल ने कर्ज नहीं चुकाया और उसके बाद सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने शाहजहांपुर स्थित एक्टर की दोनों प्रॉपर्टी कब्जे में ले ली। इनमें से एक प्रॉपर्टी शहर में है। प्रॉपर्टी में मकान और खेत हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मुंबई में भी राजपाल यादव की संपत्तियों की नीलामी की प्रक्रिया शुरू की गई है।

सेंट्रल बैंक ने नोटिस में कहा है कि 9 सितंबर को राजपाल यादव की प्रॉपर्टी की नीलामी ऑनलाइन होगी। प्रॉपर्टी खरीद के इच्छुक लोग बोली लगा सकेंगे। इससे पहले दिल्ली हाईकोर्ट ने चेक बाउंस मामले में राजपाल यादव को सजा भी सुनाई थी। एक्टर को काफी दिन जेल में बिताने पड़े थे। राजपाल यादव का दावा है कि उन्होंने चेक की बकाया रकम का भुगतान कर दिया है। जबकि, चेक बाउंस का केस कराने वाले व्यक्ति ने इस दावे को गलत बताया है। खास बात ये है कि राजपाल यादव ने जिनको चेक दिया था, वो भी शाहजहांपुर के ही रहने वाले हैं। राजपाल यादव ने अगर 9 सितंबर से पहले बैंक का कर्ज और ब्याज चुका दिया, तो दोनों प्रॉपर्टी नीलाम होने से बच जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *