पटना में सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद भड़की हिंसा, उग्र भीड़ ने कई गाड़ियों में लगाई आग, पुलिस पर पथराव
नई दिल्ली। बिहार की राजधानी पटना में नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से एक 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक की मौत के बाद आक्रोशित भीड़ ने रास्ता जाम किया और बस में आग लगा दी। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक उग्र लोगों ने कुछ अन्य गाड़ियों में भी आगजनी दी जिसमें दो पुलिस के वाहन बताए जा रहे हैं। गुस्साए लोगों के द्वारा पुलिस पर भी पथराव किए जाने की खबर है। कई थानों की पुलिस को भी पीछे हटना पड़ा। फिलहाल तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और नेशनल हाईवे पर यातायात बाधित है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान मनीष कुमार के रूप में हुई है। वो एनएच-30 पर सड़क पार कर रहा था तभी सामने से आ रही बस ने उसे टक्कर मार दी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के संबंध में जानकारी मिलते ही पटना के एसएसपी भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया। तनाव के चलते अतिरिक्त सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है। उन्मादियों के द्वारा पत्रकारों से भी अभद्रता किए जाने की बात सामने आई है।
आगजनी की घटना के बाद जब फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची तो आक्रोशित लोगों ने उसे आग बुझाने नहीं दी। उपद्रवियों के द्वारा किए गए पथराव में कई गाड़ियों के शीशे टूट गए और कई बाइकें भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। नेशनल हाईवे पर लगभग 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया है जिसकी वजह से आम लोगों को भारी परेशानी हो रही है। पुलिस ने हालाता पर काबू पा लिया है और यातायात फिर से शुरू कराने की प्रक्रिया चल रही है।
