April 20, 2026

Hind foucs news

hindi new update

ऊधमपुर में सड़क हादसा, अनियंत्रित होकर पलटी बस, 15 लोगों की मौत, उपराज्यपाल, सीएम ने जताया शोक

नई दिल्ली। जम्मू कश्मीर के ऊधमपुर जिले में एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में बस में सवार 15 लोगों के मारे जाने की संभावना जताई जा रही है। वहीं 20 अन्य लोगों के घायल होने की भी खबर है। रामनगर क्षेत्र में स्थित कघोट गांव में यह सड़क हादसा हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य में जुट गए। बस में फंसे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया जा रहा है। राहत कार्य में स्थानीय लोग भी मदद कर रहे हैं। मृतकों या घायलों की संख्या बढ‍़ भी सकती है।

जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ और स्वास्थ्य विभाग को प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा, उधमपुर में हुआ यह दुखद सड़क हादसा दिल दहला देने वाला है। मेरी गहरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। ईश्वर उन्हें शक्ति प्रदान करें। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी इस दुखद सड़क हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि सरकार इस दु:ख की घड़ी में पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है।

वहीं केंद्रीय मंत्री डा. जितेंद्र सिंह ने इस घटना के संबंध में उधमपुर के डीसी मिंगा शेरपा से बात कर राहत और बचाव अभियान की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है। घायलों को चिकित्सा सहायता के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा है। गंभीर रूप से घायलों को एयरलिफ्ट करने की व्यवस्था की जा रही है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मैं स्थानीय प्रशासन और राजिंदर शर्मा के नेतृत्व में हमारी स्थानीय कार्यकर्ताओं की टीम के साथ लगातार संपर्क में हूं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *