July 14, 2026

Hind foucs news

hindi new update

जम्मू-कश्मीर के सीएम उमर अब्दुल्ला विधायक तोड़ने की कोशिश का आरोप लगाकर मुश्किल में, बीजेपी ने नोटिस भेजकर कहा- माफी मांगें या 100 करोड़ का हर्जाना दें

जम्मू। नेशनल कॉन्फ्रेंस के उपाध्यक्ष और जम्मू-कश्मीर के सीएम उमर अब्दुल्ला बीजेपी पर आरोप लगाकर मुश्किल में घिर गए हैं। बीजेपी की जम्मू-कश्मीर इकाई के अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद सतपाल शर्मा ने उमर अब्दुल्ला को मानहानि का कानूनी नोटिस भेजा है। नोटिस में कहा गया है कि या तो उमर अब्दुल्ला 7 दिन में अपने आरोपों के समर्थन में सबूत पेश करें या सार्वजनिक तौर पर माफी मांगें। ऐसा न करने पर 100 करोड़ की मानहानि का केस चलाया जाएगा।

सतपाल शर्मा के वकील ने उमर अब्दुल्ला को भेजे नोटिस में कहा है कि उनके बयान से बीजेपी और उसके पदाधिकारियों की छवि खराब हुई है। उमर अब्दुल्ला की ओर से आरोप लगाए जाने के तुरंत बाद ही बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने इनको मनगढ़ंत और गलत बताया था। सुधांशु त्रिवेदी ने भी उमर अब्दुल्ला से कहा था कि वो गलत आरोप लगाने पर माफी मांगें। उसी वक्त लग रहा था कि बीजेपी अब उमर अब्दुल्ला को कोर्ट में घसीट सकती है। अब उमर अब्दुल्ला को अपने आरोपों के संबंध में या तो सबूत पेश करने होंगे या माफी मांगनी होगी। वरना बीजेपी के जम्मू-कश्मीर अध्यक्ष का इरादा उनके खिलाफ केस चलाने का है।

उमर अब्दुल्ला ने बीते दिनों हजरतबल में नेशनल कॉन्फ्रेंस के कार्यकर्ताओं को संबोधित किया था। उस दौरान उमर ने बीजेपी पर उनकी सरकार गिराने की कोशिश का आरोप लगाया था। जम्मू-कश्मीर के सीएम ने दावा किया था कि बीजेपी के एक सांसद और वकील ने जम्मू क्षेत्र से उनकी पार्टी के विधायक से बंद कमरे में बातचीत की। उमर के मुताबिक बीजेपी सांसद ने उनके विधायक को ऑफर दिया कि अगर वो नेशनल कॉन्फ्रेंस छोड़ बीजेपी में आते हैं, तो 20 से 30 करोड़ रुपए के साथ ही मंत्री पद दिया जाएगा। साथ ही जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल होगा। बता दें कि उमर अब्दुल्ला काफी समय से जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा देने की मांग कर रहे हैं। वो इस मसले पर पीएम नरेंद्र मोदी से भी मिले थे। वहीं, केंद्र सरकार का कहना है कि हालात सामान्य होते ही जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा वापस दिया जाएगा। अनुच्छेद 370 रद्द करने के बाद मोदी सरकार ने जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को अलग कर दोनों को केंद्र शासित क्षेत्र बनाया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *