July 14, 2026

Hind foucs news

hindi new update

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने के बाद तेज प्रताप की पार्टी की उम्मीदवार वीणा मानवी गिरफ्तार

नई दिल्ली। बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव की पार्टी जनशक्ति जनता दल की कैंडिडेट वीणा मानवी को आज उनके नामांकन दाखिल करने के बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक 2009 के एक धोखाधड़ी से जुड़े मामले में वीणा मानवी के खिलाफ अदालत ने वारंट जारी किया और इसी आधार पर उनकी गिरफ्तारी हुई है। पुलिस जब वीणा मानवी को गिरफ्तार करने पहुंची तो वहां मौजूद उनके समर्थकों और पुलिस में तीखी नोकझोंक भी हुई। हालांकि बाद में पुलिस वीणा मानवी को गिरफ्तार अपने साथ ले गई।

वहीं जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सरकार की तरफ से की गई साजिश है। हमारी प्रत्याशी वीणा मानवी को जानबूझकर फंसाया गया है। उनकी क्षेत्र में लोकप्रियता भी है। उनके खिलाफ षड्यंत्र किया जा रहा है। जिस तरीके से आज नॉमिनेशन के दिन वारंट निकालकर गिरफ्तार किया गया वो गलत है। जनता देख रही है कि महिला के साथ अन्याय हो रहा है। जब महिला के साथ अन्याय होता है तो भगवान कृष्ण का सुदर्शन चक्र चलता है। बिहार की जनता देखेगी और अब मेरा सुदर्शन चलेगा। मैं, हमारी पार्टी और जनता मजबूती के साथ वीणा मानवी के संग खड़ी है।

तेज प्रताप ने कहा कि मैं अभी दिल्ली में हूं, बिहार आते ही मैं प्रेस कांफ्रेंस करूंगा और पूरी साजिश का पर्दाफाश करूंगा। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि बिहार आकर मैं सरकार का घेराव करूंगा। तेज प्रताप ने कहा कि हमें न्यायपालिका पर पूरा विश्वास है, और आवश्यकता पड़ने पर हम अपने अधिकारों की रक्षा के लिए न्यायालय का दरवाजा भी खटखटाएंगे। बांकीपुर विधानसभा की जनता सत्य और न्याय के साथ खड़ी है। हमें विश्वास है कि सच्चाई की जीत होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *