फारुक अब्दुल्ला का बयान पैदा कर सकता है विवाद, पंजाब में हुए दो धमाकों पर बोले- कौन सी नई बात है
श्रीनगर। नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने पंजाब के अमृतसर और जालंधर में मंगलवार को हुए दो धमाकों के बारे में बयान दिया है। फारुक अब्दुल्ला की ओर से बुधवार को दिए बयान पर विवाद पैदा हो सकता है। फारूक अब्दुल्ला ने अमृतसर और जालंधर में हुए धमाकों के बारे में कहा कि हिंदुस्तान में ब्लास्ट होते रहते हैं…कौन सी नई बात है…घबराइए मत।
ऑपरेशन सिंदूर की बरसी पर पंजाब में ब्लास्ट होने को वहां की पुलिस ने बहुत गंभीरता से लिया है। पंजाब के डीजीपी गौरव यादव खुद अमृतसर के दौरे पर पहुंचे। धमाकों की जिम्मेदारी अब तक किसी भी संगठन ने नहीं ली है। पंजाब पुलिस इस बारे में जांच कर रही है। पंजाब के डीजीपी ने मीडिया से कहा कि हम प्रॉक्सी यानी अप्रत्यक्ष युद्ध के दौर से गुजर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब के सीएम कई बार कह चुके हैं कि देश के लिए राज्य लड़ रहा है। डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि ऐसा लगता है कि किसी ने देसी बम तैयार किया था। वहां कोई तार नहीं मिले। इसलिए या तो ये टाइमर से किया गया ब्लास्ट है या रिमोट के जरिए किया गया। उन्होंने कहा कि इसके पीछे आईएसआई का हाथ होने का शक है।
बता दें कि पंजाब में पिछले काफी वक्त से कहीं ग्रेनेड फेंकने तो पुलिस के दफ्तर पर आरपीजी से हमले की घटनाएं हो चुकी हैं। इन घटनाओं के जिम्मेदार पकड़े भी गए हैं। इसके अलावा सीमा पार से ड्रोन के जरिए बड़ी तादाद में ड्रग्स पहुंचाने की कोशिश भी लगातार होती रहती है। पंजाब पुलिस और बीएसएफ ने कई बार ड्रग्स के साथ ड्रोन बरामद किए हैं। देश के लिए पंजाब इसलिए बहुत अहम है, क्योंकि ये पाकिस्तान सीमा का राज्य है। 1990 के दशक में पाकिस्तान ने पंजाब में जमकर आतंकवाद फैलाया था। जिसकी वजह से सीएम रहे बेअंत सिंह को भी बम धमाके में अपनी जान गंवानी पड़ी थी। जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद की कमर तोड़े जाने के बाद पाकिस्तान की सेना और आईएसआई अब एक बार फिर पंजाब पर नजरें गड़ाए हुए हैं और वहां माहौल खराब करने की कोशिश में जुटे हैं।
