जेलेंस्की का आरोप, रूस ने रातभर कीव, खार्किव समेत अन्य इलाकों पर दागे ड्रोन
नई दिल्ली। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के मुताबिक रूस ने एक बार फिर राजधानी कीव और शहरों के रिहायशी इलाकों समेत कई जगहों पर रातभर ड्रोन दागे हैं। जेलेंस्की ने बताया कि सुबह तक जारी रहे रूसी हमलों में कीव में दो लोगों की मौत हुई है जिसमें से एक अजरबैजान देश का नागरिक था। जबकि खार्किव में 28 लोग घायल हुए, जिनमें नौ बच्चे भी शामिल हैं। जेलेंस्की ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
जेलेंस्की ने बताया कि खार्किव में एक ऊंची अपार्टमेंट बिल्डिंग पर जबर्दस्त हमला हुआ, जिससे उसकी दूसरी और चौथी मंजिलें आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गईं। कीव में भी ड्रोन हमलों से रिहायशी इमारतों, कम्युनिकेशन इंफ्रास्ट्रक्चर और गैस स्टेशनों को नुकसान पहुंचा है। एक कैफे भी क्षतिग्रस्त हो गया और रूसी ड्रोन ने एक फूड मार्केट को जलाने की कोशिश की। इसके अलावा ओडेसा इलाके में, पलाऊ का झंडा लगे एक जहाज पर हमला हुआ है। जाइटॉमिर में एक आम आइसक्रीम फैक्ट्री को नुकसान पहुंचा है। सुमी, रिव्ने में भी रिहायशी इमारतों पर हमले हुए। इसके अलावा विन्नित्सिया, निप्रो, ख्मेलनित्सकी और ज़ापोरिज्जिया इलाकों में अहम इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाया गया है। इन सभी जगहों पर इमरजेंसी सेवाएं रेस्क्यू का काम कर रही हैं।
यूक्रेन के राष्ट्रपति बोले, मैं उन सभी का शुक्रिया अदा करता हूं जो यूक्रेन में हो रही घटनाओं पर चुप नहीं हैं, और जो हमारे देश के लिए ठोस मदद उपलब्ध करा रहे हैं। जेलेंस्की ने कहा कि एयर डिफेंस, ऊर्जा के क्षेत्र में मदद और बजट की कमी को पूरा करने में सहायता से यूक्रेन मजबूत हो रहा है और हमारे लोग रूसी हमलों का डटकर सामना कर रहे हैं। आपको बता दें कि अभी दो दिन पहले ही रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन को चेतावनी देते हुए कहा था कि यूक्रेन ने मॉस्को समेत अन्य चुनाव केंद्रों को निशाना बनाया इसके लिए अब यूक्रेन को रूस की जवाबी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।
