शोपियां में लश्कर के टॉप कमांडर जाकिर गनई का एनकाउंटर, पांच दिन से जारी है सुरक्षाबलों का ऑपरेशन
नई दिल्ली। जम्मू कश्मीर के शोपियां में सुरक्षाबलों ने एनकाउंटर में एक आतंकी को मार गिराया है। आतंकी की पहचान लश्कर के टॉप कमांडर जाकिर गनई के रूप में हुई है। सुरक्षाबलों ने शनिवार को यह ऑपरेशन शुरू किया था और आज पांचवें दिन आतंकी को मारने में सफलता मिली। मारे गए आतंकी के पास हथियार और गोला-बारूद भी बरामद हुए हैं। इस आतंकी का एक और साथी जिसका नाम लतीफ भट है उसके भी वहीं जंगलों में कहीं छिपे होने की आशंका है और सुरक्षाबलों को उसकी तलाश है। फिलहाल पूरे इलाके में सर्च अभियान अभी भी जारी है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, 4 जुलाई को एक सीसीटीवी फुटेज में दो आतंकवादी दिखाई दिए थे, उसी दिन सुरक्षाबलों ने इन आतंकियों को पकड़ने के लिए सर्च अभियान चलाया और इलाके को घेर किया। घेराबंदी होने के बाद आतंकियों की तरफ से गोलीबारी शुरू हो गई। सुरक्षाबलों ने भी गोलीबारी का जवाब दिया। अब ऑपरेशन शुरू होने के पांचवें दिन शोपियां के चानपोरा गांव से एक आतंकवादी का शव बरामद किया गया है। इस ऑपरेशन को एसओजी शोपियां ने 55RR और सीआरपीएफ के साथ मिलकर अंजाम दिया है। जम्मू कश्मीर पुलिस ने इस सफल ऑपरेशन के बारे में जानकारी देते हुए एक्स पर लिखा, भाग तो सकते हो, लेकिन छिप नहीं सकते।
जाकिर गनई कुलगाम का रहने वाला था और वो किसी बड़ी आतंकी साजिश को अंजाम देने की फिराक में था। सुरक्षाबलों को लंबे समय से उसकी तलाश थी और वो उनकी हिट लिस्ट में था। सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि अभियान अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। क्षेत्र में पूरी तरह से तलाशी के बाद जब यह क्लियर हो जाएगा कि अब और कोई आतंकी वहां छिपा हुआ नहीं है तब ऑपरेशन को खत्म किया जाएगा। गनई को मार कर सुरक्षाबलों ने दक्षिण कश्मीर में बड़े आतंकवादी नेटवर्क को ध्वस्त किया है।
