भारत की बेटियों ने लॉर्ड्स में रचा इतिहास, हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में टेस्ट मैच में इंग्लैंड को 270 रनों से दी करारी शिकस्त
नई दिल्ली। भारत की महिला क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड को लॉर्ड्स के मैदान में खेले गए टेस्ट मैच में 270 रनों से करारी शिकस्त देकर इतिहास रच दिया है। दरअसल 142 साल के टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में ऐतिहासिक लॉर्ड्स के मैदान पर पहली बार महिला टीमों के बीच टेस्ट मैच खेला गया और इस मैच को भारत की बेटियों ने जीत लिया। इस तरह से हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारत की महिला टेस्ट टीम ने क्रिकेट का मक्का कहे जाने वाले लॉर्ड्स ग्राउंड में इंग्लैंड की टीम को उसी की धरती पर हरा कर स्वर्ण अक्षरों में अपना नाम दर्ज करा लिया है।
यूं तो यह जीत पूरी टीम के संयुक्त प्रयास का नतीजा है मगर इसका प्रमुख श्रेय क्रांति गौड़ और यास्तिका भाटिया को जाता है। क्रांति गौड़ ने मैच की पहली पारी में 5 विकेट चटकाए जबकि यास्तिका भाटिया ने दूसरी इनिंग में शानदार 113 रनों की शतकीय पारी खेली। यास्तिका के अंतरराष्ट्रीय करियर की पहली सेंचुरी है। इसी के साथ लॉर्ड्स में टेस्ट शतक लगाने वाली वाली वो पहली महिला खिलाड़ी भी बन गई हैं। वहीं क्रांति गौड़ लॉर्ड्स में टेस्ट में पांच विकेट हासिल करने वाली पहली महिला खिलाड़ी हैं। हालांकि इग्लैंड की स्पिनर सोफी एक्लेस्टोन ने दूसरी पारी में पांच विकेट लिए।
भारत ने पहली पारी में 10 विकेट पर 285 रन बनाए थे। जबकि इंग्लैंड की टीम पहली पारी में सिर्फ 170 रन ही बना सकी थी। इस तरह से पहली पारी में भारत को 115 रनों की बढ़त मिल गई। भारत ने 7 विकेट के नुकसान पर 341 रन बनाकर दूसरी पारी घोषित की और इंग्लैंड को जीत के लिए 457 रनों का लक्ष्य दिया। इंग्लैंड की टीम 186 रनों पर ऑलआउट हो गई और इस तरह से भारत ने आसानी से मैच जीत लिया। दूसरी पारी में भारत की स्मृति मंधाना ने 70 रन बनाए और ऋचा घोष ने नाबाद 50 रनों की पारी खेली।
