केप वर्डे ने फीफा वर्ल्डकप के नॉकआउट में पहुंचकर रचा इतिहास, जानिए कहां है यह छोटा सा देश और कितनी है इसकी आबादी?
नई दिल्ली। फीफा वर्ल्डकप 2026 में एक छोटे से देश केप वर्डे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास के पन्नों पर अपना नाम दर्ज करा लिया है। केप वर्डे नॉकआउट राउंड में पहुंच गया है। फुटबॉल वर्ल्ड कप के इतिहास में नॉकआउट में पहुंचने वाला केप वर्डे दुनिया का सबसे छोटा देश है। सऊदी अरब के साथ केप वर्डे का मैच 0-0 से ड्रॉ रहा और इसी के साथ केप वर्डे ने राउंड ऑफ 32 में जगह बना ली है। बड़ी बात यह है कि केप वर्डे की टीम अपना पहला फीफा फुटबॉल वर्ल्ड कप खेल रही है।
केप वर्डे पश्चिमी अफ्रीका के तट से दूर, अटलांटिक महासागर में स्थित एक छोटा द्वीपीय देश है। इस देश की कुल जनसंख्या लगभग 5.3 लाख के आसपास है। यह देश 1975 में पुर्तगाल से आजाद हुआ था और इसकी राजधानी प्राया है। वैसे तो केप वर्डे की आधिकारिक भाषा पुर्तगाली है, लेकिन आम बोलचाल में यहां केप वर्डेयन क्रियोल भाषा बोली जाती है। केप वर्डे टीम के खिलाड़ियों के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत अपने पहले ही मैच से दुनिया की नजरों में आ गए थे।
केप वर्डे का पहला मैच 2010 की वर्ल्ड कप विजेता टीम स्पेन से हुआ था। उस मैच में केप वर्डे ने स्पेन के खिलाफ 0-0 की बराबरी पर ड्रा खेल था। इसके बाद उनका दूसरा मैच दो बार की चैंपियन उरुग्वे के साथ था और वो रोमांचक मुकाबला भी 2-2 से ड्रॉ रहा। उसके बाद तीसरा मैच सऊदी अरब से हुआ और वो भी 0-0 पर ड्रा रहा। इस तरह से केप वर्डे की टीम अभी तक बिना कोई मैच हारे ग्रुप में दूसरा स्थान पर पहुंची और नॉकआउट राउंड में जगह बनाने में सफल रही। अब राउंड ऑफ 32 के मुकाबले में केप वर्डे की टीम का सामना 3 जुलाई को मियामी के मैदान पर मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन अर्जेंटीना से होगा।
