अजिंक्य रहाणे का क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास, जानिए कैसा रहा है उनका अंतरराष्ट्रीय और आईपीएल करियर
नई दिल्ली। भारत के बेहतरीन क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। इंस्टाग्राम पर क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से रिटायरमेंट का ऐलान करते हुए अजिंक्य काफी भावुक हो गए और उनका गला भर आया। उन्होंने बीसीसीआई, एमसीए, कोच, साथी खिलाड़ियों, सभी आईपीएल फ्रेंचाइजी, अपने फैंस और फैमिली मेंबर्स का आभार जताते हुए कहा, कैप 278 की अब विदाई हो रही है। इतने सालों तक मिले प्यार और सहयोग के लिए धन्यवाद, आप सभी का हमेशा आभारी रहूंगा। अजिंक्य ने कहा कि अगर कोई चीज शुरू होती है तो वो खत्म भी होती है, जीवन का यही सत्य है। मुझे लगता है कि इस जेन्टलमैन गेम को अलविदा कहने का यह सही समय है।
रहाणे अब आईपीएल भी नहीं खेलेंगे। फ्यूचर प्लानिंग के बारे में बताते हुए रहाणे बोले, भले ही भारतीय क्रिकेटर के रूप में मेरा अध्याय यहां खत्म हो रहा है लेकिन इस खेल के साथ मेरी जर्नी आगे भी जारी रहेगी। मैं आने वाले यंग जनरेशन की मदद करने और इस खेल से सीखे मूल्यों को उनके साथ साझा करने के लिए तत्पर हूं।
रहाणे का इंटरनेशनल क्रिकेट करियर
अजिंक्य रहाणे टेस्ट, वनडे और टी20 तीनों ही फॉर्मेट में टीम इंडिया के लिए खेले। उन्होंने साल अगस्त 2011 में इंटरनेशनल डेब्यू करते हुए इंग्लैंड के खिलाफ अपना पहला टी20 खेला था। इसके बाद सितंबर 2011 में इंग्लैंड के खिलाफ ही वनडे इंटरनेशनल में डेब्यू किया था। जबकि उनका टेस्ट डेब्यू मार्च 2013 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हुआ था। रहाणे ने अपने इंटरनेशनल करियर में कुल 85 टेस्ट, 90 वनडे और 20 टी2O मैच खेले हैं। इंटरनेशनल करियर में रहाणे ने कुल 15 शतक (3 वनडे शतक, 12 टेस्ट शतक) लगाए हैं और 8414 रन बनाए हैं। 2020-21 में अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में टीम इंडिया ने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी जीती थी। मेलबर्न टेस्ट में उन्होंने शानदार शतक लगाया था।
आईपीएल करियर
अजिंक्य ने अपने आईपीएल करियर में 212 मैच खेले और 5367 रन बनाए, जिसमें 2 शतक भी शामिल हैं। पिछले सीजन में वो कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान थे। वो आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स, राजस्थान रॉयल्स, राइजिंग पुणे सुपरजायंट, दिल्ली कैपिटल्स, चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
काफी समय से टीम इंडिया से चल रहे थे बाहर
रहाणे ने जुलाई 2023 में अपना आखिरी टेस्ट मैच खेला था। जबकि 2018 में उन्होंने टीम इंडिया में रहते हुए अपना अंतिम वनडे मैच खेला था। टी20 इंटरनेशनल में भी वह 2016 से बाहर चल रहे थे।
