भारत और श्रीलंका के बीच होने वाली टेस्ट सीरीज का शेड्यूल जारी, जानिए कब और कहां खेले जाएंगे मैच?
नई दिल्ली। भारत और श्रीलंका के बीच टेस्ट सीरीज का शेड्यूल जारी हो गया है। टीम इंडिया 9 साल बाद श्रीलंका दौरे पर जा रही है। इससे पहले साल 2017 में भारत की टीम श्रीलंका में टेस्ट मैच खेलने गई थी। श्रीलंका और भारत के बीच दो टेस्ट मैच खेले जाएंगे और यह टेस्ट सीरीज आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा होगी। टीम इंडिया और श्रीलंका के बीच पहला टेस्ट मैच 15 से 19 अगस्त के बीच गाले में खेला जाएगा। वहीं दूसरा टेस्ट में दोनों टीमों की भिड़ंत कोलंबो में होगी और यह मैच 23 से 27 अगस्त के बीच होगा।
श्रीलंका और भारत के बीच तीन टी20 मैचों की सीरीज होने की संभावना भी जताई जा रही थी लेकिन फिलहाल इसको लेकर कोई अपडेट नहीं है। 2017 में भारत और श्रीलंका की टीमों के बीच तीन टेस्ट मैचों की सीरीज हुई थी और भारत ने श्रीलंका को उसकी की धरती पर 3-0 से करारी शिकस्त दी थी। अब 9 साल बाद एक बार फिर टीम इंडिया और श्रीलंका टेस्ट में आमने सामने होंगी। श्रीलंकाई टीम भारत को हराकर अपनी पिछली हार का बदला चुकाना चाहेगी। वहीं भारत की टीम भी जीत के बुलंद इरादे के साथ मैदान में होगी।
आपको बता दें कि भारत ने अभी हाल ही में अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच खेला है। यह मैच न्यू चंडीगढ़ में खेला गया था और भारत ने अफगानिस्तान को मैच के तीसरे ही दिन पारी और 300 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया था। टेस्ट क्रिकेट इतिहास में यह भारत की अब तक की सबसे बड़ी जीत है। हालांकि यह मैच वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा नहीं था इसलिए इस बड़ी जीत का भारत के प्वाइंट्स टेबल पर कोई असर नहीं पड़ा। गौरतलब है कि भारत को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में बने रहने के लिए श्रीलंका के खिलाफ आगामी दो टेस्ट मैचों की सीरीज को हर हाल में जीतना होगा।
