नासिक यौन शोषण और धर्मांतरण की कोशिश कांड में आरोपी निदा खान पर एक्शन, टीसीएस प्रबंधन ने उठाया ये कदम
नासिक। महाराष्ट्र के नासिक में यौन शोषण और धर्मांतरण की कोशिश कांड मामले में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज यानी टीसीएस ने कार्रवाई की है। टीसीएस ने नासिक में अपनी कंपनी में काम करने वाली निदा खान को सस्पेंड कर दिया है। निदा खान पर नासिक टीसीएस में गैर मुस्लिम कर्मचारियों के यौन शोषण और धर्मांतरण की कोशिश कांड में शामिल होने का आरोप है। टीसीएस ने निदा खान को सस्पेंड किए जाने के फैसले में कहा है कि वो कंपनी का काम करने में सक्षम नहीं है। साथ ही निदा खान पर गंभीर आरोप हैं। इस वजह से कंपनी निदा खान पर ये कार्रवाई कर रही है।
निदा खान 27 दिसंबर 2021 से नासिक टीसीएस से प्रोसेस एसोसिएट के पद पर काम कर रही थी। पहले खबरों में उसे नासिक टीसीएस में एचआर हेड बताया गया था, लेकिन बाद में कंपनी ने जानकारी दी कि निदा खान एचआर हेड नहीं थी। निदा खान को टीसीएस ने नोटिस भेजकर कहा है कि वो अपने पास मौजूद कंपनी का सारा सामान लौटाए। वो दफ्तर भी नहीं आ सकती और वर्क फ्रॉम होम पर भी रोक लगाई गई है। टीसीएस ने आदेश में कहा है कि निदा खान किसी से बात नहीं कर सकती। निदा खान को गोपनीयता बरतने का भी निर्देश है। अगर ऐसा न किया गया, तो कंपनी अनुशासन के तहत कार्रवाई करेगी।
नासिक टीसीएस में यौन शोषण और धर्मांतरण की कोशिश मामले का खुलासा होने के बाद महिला आयोग भी अलग से जांच कर रहा है। इस मामले में नासिक पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद टीसीएस के सात कर्मचारियों को गिरफ्तार किया था। नासिक पुलिस ने एक महिला कर्मचारी की ओर से शिकायत मिलने के बाद अपनी कुछ महिला पुलिसकर्मियों को हाउस कीपिंग स्टाफ का रूप देकर टीसीएस के दफ्तर में दाखिल कराया था। इन महिला पुलिसकर्मियों ने वहां से सबूत इकट्ठा किए और उसके बाद सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। नासिक टीसीएस यौन शोषण और धर्मांतरण की कोशिश की और शिकायतें भी पुलिस ने दर्ज की हैं। कई वीडियो भी इस मामले में सामने आए हैं।
