अमेरिका और ईरान के बीच फिर बातचीत की तारीख तय!, जानिए किन शर्तों पर अड़े हैं दोनों देश?
वॉशिंगटन। अमेरिका और ईरान के बीच समझौते के लिए बीते दिनों हुई बातचीत नाकाम रही थी। 21 घंटे तक अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत हुई थी, लेकिन दोनों देश अपनी शर्तों पर अड़े रहे थे। जिसकी वजह से कोई समझौता नहीं हो सका था। अब खबर है कि अमेरिका और ईरान के बीच एक बार फिर बातचीत होने वाली है। अमेरिका के न्यूज चैनल सीएनएन ने ईरान के सूत्रों के हवाले से ये जानकारी दी है। सीएनएन को ईरान के सूत्रों ने बताया है कि अमेरिका से फिर बातचीत तय हो गई है। सोमवार 20 अप्रैल 2026 को दोनों पक्षों के प्रतिनिधि एक बार फिर पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में बातचीत करेंगे।
रिपोर्ट्स के मुताबिक अमेरिका से बातचीत के लिए ईरान के प्रतिनिधिमंडल के रविवार 19 अप्रैल को इस्लामाबाद पहुंचने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, अमेरिका और ईरान की सरकारों ने इस बातचीत की अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की है। अमेरिका और ईरान के बीच 29 दिन तक युद्ध चला था। जिसके बाद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दो हफ्ते के युद्धविराम का एलान किया था। ये समयसीमा भी खत्म होने के करीब है। अमेरिका के रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने साफ कह रखा है कि अगर ईरान समझौते के लिए नहीं मानता, तो उसके खिलाफ फिर युद्ध होगा। इससे पहले ट्रंप ने भी कहा था कि ईरान जब तक अमेरिका की शर्तों को मानकर समझौता नहीं करता, उसके आसपास अमेरिकी नौसेना के जहाज और सैनिक तैनात रहेंगे।
ट्रंप ने कहा था कि अमेरिकी जहाजों पर फिर गोला-बारूद लादा जा रहा है। अमेरिका की पहली शर्त है कि ईरान अपना परमाणु कार्यक्रम खत्म करे। साथ ही होर्मुज को पूरी तरह खोल दे। वहीं, ईरान की शर्त है कि लेबनान पर इजरायल के हमले बंद हों, जो अब हो भी चुके हैं। ईरान की ये भी मांग है कि उसे युद्ध का हर्जाना दिया जाए। ईरान अपना परमाणु कार्यक्रम भी बंद करने से इनकार कर चुका है। साथ ही वो अंतरराष्ट्रीय गारंटी भी मांग रहा है कि भविष्य में फिर कभी अमेरिका और इजरायल उस पर हमला न करें। ऐसे में फिलहाल अमेरिका और ईरान के समझौते में बड़े पेच फंसे हुए हैं।
