April 20, 2026

Hind foucs news

hindi new update

पहलगाम हमले की पहली बरसी से पहले लश्कर की साजिश का खुलासा, 26/11 जैसा हमला करने के लिए चला रहा ट्रेनिंग कैंप

नई दिल्ली। 22 अप्रैल 2026 को पहलगाम आतंकी हमले की पहली बरसी है। इससे पहले एक खुफिया इनपुट में लश्कर-ए-तैयबा की नई प्लानिंग का खुलासा हुआ है। न्यूज18 ने खबर में बताया है कि आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा बलूचिस्तान में ट्रेनिंग कैंप चला रहा है। न्यूज चैनल ने खुफिया सूत्रों के हवाले से बताया है कि लश्कर-ए-तैयबा का ये ट्रेनिंग कैंप कराची-बलूचिस्तान सीमा के पास है। लश्कर के इस ट्रेनिंग कैंप से समुद्र तट सिर्फ 10 से 15 किलोमीटर दूर है। खुफिया इनपुट है कि बलूचिस्तान के ट्रेनिंग कैंप में लश्कर आतंकियों को तैरने और स्कूबा डाइविंग की ट्रेनिंग भी दे रहा है।

खुफिया एजेंसियों को आशंका है कि लश्कर-ए-तैयबा 2008 के मुंबई आतंकी हमले जैसी साजिश रच रहा है। मुंबई में 26 नवंबर 2008 को लश्कर के 10 आतंकियों ने बड़ा हमला किया था। इनमें से एक अजमल आमिर कसाब को मुंबई पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल तुकाराम ओंबले ने जान गंवाकर पकड़ा था। खुफिया एजेंसियों को ये भी पता चला है कि लश्कर के डिप्टी चीफ सैफुल्लाह कसूरी ने अप्रैल के दूसरे हफ्ते में बलूचिस्तान का दौरा किया। सैफुल्लाह कसूरी ने ही 2025 में पहलगाम की बैसरन घाटी में आतंकी हमले की साजिश रची थी। उस हमले में 26 हिंदू पर्यटकों की धर्म की पहचान कर लश्कर आतंकियों ने हत्या की थी।

खुफिया इनपुट ये हैं कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई ने लश्कर को बलूचिस्तान में ट्रेनिंग कैंप लगाने में बड़ी भूमिका निभाई है। न्यूज चैनल के मुताबिक सिंध में लश्कर कमांडर फैजल नदीम को पाकिस्तान मरकाजी मुस्लिम लीग के नेता अकील अहम लगहारी से मिलकर को-ऑर्डिनेशन करने की जिम्मेदारी दी गई है। पाकिस्तान मरकाजी मुस्लिम लीग लश्कर का ही मुखौटा संगठन है। पहलगाम हमले के बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर चलाते हुए मुरीदके स्थित लश्कर के मुख्यालय को भी मिसाइल और ड्रोन से हमले कर ध्वस्त किया था। उसके बाद से लश्कर के तमाम आतंकी भारत से बदला लेने की बात कहते भी दिखाई दिए थे। माना जा रहा है कि उसी साजिश के तहत लश्कर ने बलूचिस्तान में ट्रेनिंग अभियान शुरू किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *