अमेरिका से सैन्य संघर्ष में अब तक ईरान में इतने हजार लोगों ने गंवाई जान, विदेश मंत्री अराघची बोले- झुकने का सवाल ही नहीं
तेहरान। अमेरिका के खिलाफ ईरान का सैन्य संघर्ष जारी है। इससे पहले 28 फरवरी से 39 दिन तक अमेरिका और ईरान में युद्ध हुआ था। अब ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि अमेरिका और इजरायल से सैन्य संघर्ष में देश में कितने लोगों की जान गई। दूसरी तरफ, ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने साफ कहा है कि उनका देश किसी कीमत पर अमेरिका के सामने नहीं झुकने वाला। ईरान पहले भी कहता रहा है कि अमेरिका के हर हमले का वो मुंहतोड़ जवाब देगा।
ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक अमेरिका से युद्ध शुरू होने से लेकर अब तक 3434 लोगों ने जान गंवाई है। बीते कुछ दिनों से अमेरिका की बमबारी से ईरान में 55 लोगों की मौत की जानकारी स्वास्थ्य मंत्रालय ने दी है। जानकारी ये भी आई है कि अमेरिका के ताजा हमलों की वजह से ईरान में कई पुल ध्वस्त हुए हैं। जिसकी वजह से परिवहन में बाधा आई। वहीं, मोबाइल टावरों को बमबारी से उड़ाने के कारण ईरान में कई जगह संचार की सेवा पर भी कुछ वक्त तक रोक लगी। ईरान ने आरोप लगाया है कि हजारों लोग पेयजल के जिस ढांचे का इस्तेमाल करते हैं, उसे भी अमेरिका के हमले से नुकसान पहुंचा है।
ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने ताजा बयान में कहा है कि अमेरिका की धमकियों के सामने झुकने का सवाल ही नहीं है। अराघची ने कहा कि ईरान न तो धमकियों से डरता है और न ही किसी के दबाव में ऐसा करेगा। ईरान के विदेश मंत्री ने बताया कि चीन और रूस से बातचीत चल रही है। ये दोनों ही देश ईरान के पक्ष में खड़े हैं। चीन और रूस ने ईरान पर हमले बंद करने और बातचीत से मसला सुलझाने की मांग की है। माना जाता है कि अमेरिका से सैन्य संघर्ष में चीन और रूस की तरफ से ईरान को हथियार भी मिल रहे हैं। हालांकि, दोनों देशों ने ही ईरान को हथियार देने की खबरों का खंडन किया है। इस बीच, ईरान के खिलाफ अमेरिका की बमबारी लगातार 13वें दिन भी जारी रही। जबकि, ईरान ने भी पलटवार कर खाड़ी देशों में अमेरिका के सैन्य अड्डों को मिसाइलों और ड्रोन से निशाना बनाया। दूसरी तरफ, ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों के कब्जे वाले यमन के होदेइदाह शहर पर सऊदी अरब ने बमबारी की। इससे पहले हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब के दो जहाजों पर हमला किया था।
