हिमाचल प्रदेश में दर्दनाक हादसा, चलती टाटा सूमो पर गिरी चट्टान, 13 लोगों की दबकर मौत
नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश में चंबा जिले में सड़क पर चलती टाटा सूमो टैक्सी पर पहाड़ से भारी चट्टान गिर गई। इस दर्दनाक घटना में गाड़ी में सवार 13 लोग दबकर मर गए। यह दुर्घटना किलाड़-उदयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कडू नाला के पास हुई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन के लोग मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक वाहन में कुल 15 लोग सवार थे। दो लोगों को घायल अवस्था में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों में 6 महीने का एक मासूम बच्चा भी शामिल है।
बारिश और भूस्खलन के कारण उदयपुर-किलाड़ मार्ग पिछले दिनों से बंद था, इस वजह से यह सभी लोग तिंदी में रुके हुए थे। आज सुबह जब आवागमन चालू हुआ तो टैक्सी पांगी के लिए रवाना हुई, मगर बीच रास्ते में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। गाड़ी पर जो चट्टान गिरी वो इतनी भारी थी कि पूरी गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें बैठे लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के कर्मचारी मलबा हटाने का काम कर रहे हैं। मृतकों के संबंध में जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।
आपको बता दें कि मॉनसून के इस मौसम में भारी बारिश की वजह से हिमाचल प्रदेश समेत अन्य पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन और बादल फटने की घटनाएं हो रही हैं। बहुत ही सड़कें बंद हो गई हैं जिस वजह से आवागमन बाधित हो रहा है। सरकारों के द्वारा लोगों से एहतियात बरतने और पहाड़ी क्षेत्रों में गैर जरूरी यात्रा को स्थगित करने की अपील की जा रही है। अभी 21 जुलाई को ही कांगड़ा जिले के शाहपुर क्षेत्र में बादल फटने से भारी तबाही हुई थी। शाहपुर की बोह घाटी के स्पैड़ा और गढ़गून गांव में बादल फटने के कारण बाढ़ में 18 मकान और एक स्कूल की बिल्डिंग बह गई थी।
