नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी दो दिवसीय दौरे पर अमेरिका में हैं। इस दौरान उन्होंने न्यूयॉर्क की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में छात्रों और शिक्षकों के साथ बातचीत करते हुए कहा कि भारत आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है और यही सच्चाई है। राहुल ने भारत में बेरोजगारी, भारत की शिक्षा व्यवस्था, चुनाव आयोग और SIR को लेकर भी सवाल खड़े किए। वहीं राहुल गांधी की इस बयानबाजी पर बीजेपी भड़क गई है। बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कांग्रेस सांसद को निशाने पर लेते हुए कहा कि राहुल गांधी भारत-विरोधी दुष्प्रचार के नेता बन गए हैं। जब भी वो विदेश जाते हैं, तो भारतीय लोकतंत्र और भारतीय अर्थव्यवस्था के खिलाफ बोलते हैं।
भंडारी ने कहा कि राहुल गांधी ने कोलंबिया यूनिवर्सिटी में भारत का अपमान किया। राहुल गांधी ने भारत को ‘आर्थिक आपदा’ बताया और भारतीय लोकतंत्र के खिलाफ बात की। यह तब हो रहा है जब पूरी दुनिया मानती है कि भारत सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है और दुनिया भारतीय लोकतंत्र का सम्मान करती है। बीजेपी नेता ने कहा कि भारत की प्रगति और भारतीय लोकतंत्र के प्रति राहुल गांधी की नफरत ही है, जिसके कारण वे जब भी विदेश जाते हैं, तो भारत के बारे में बुरा-भला कहते हैं। जबकि हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, जो अपनी हर आधिकारिक विदेश यात्रा के दौरान भारत के राष्ट्रीय हितों को सर्वोपरि रखते हैं और भारत के राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा का सम्मान करते हैं। भारतीय लोकतंत्र के खिलाफ बोलकर राहुल गांधी ने भारत के राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा का अपमान किया है। एक जिम्मेदार ‘नेता प्रतिपक्ष’ (LOP) के रूप में राहुल गांधी पूरी तरह विफल हैं।
वहीं बीजेपी नेता सी.आर. केशवन ने कहा, ऐसे समय में जब ‘नया भारत’ अंतरराष्ट्रीय मंच पर उभर रहा है और दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है, तब राहुल गांधी का यह कहना कि भारत की जीवंत अर्थव्यवस्था बर्बादी के कगार पर है, केवल उनके राजनीतिक दिवालियापन, विफलता और हताशा को ही दर्शाता है।
