लंदन। बांग्लादेश की पूर्व पीएम शेख हसीना ने एलान किया है कि वो दिसंबर 2026 में अपने देश लौटेंगी। शेख हसीना ने कहा है कि भले ही वहां उनको मौत की सजा मिले, लेकिन बांग्लादेश वो जरूर जाएंगी। शेख हसीना अभी भारत में निर्वासित जीवन बिता रही हैं। इस बीच, ब्रिटेन के छह सांसदों ने अपने देश के विदेश मंत्री एड मिलिबैंड से अपील की है कि वो बांग्लादेश सरकार से बात करें, ताकि शेख हसीना को वहां लौटने पर फांसी न दी जाए।
ब्रिटेन के विदेश, राष्ट्रमंडल और विकास दफ्तर (एफसीडीओ) को अक्टूबर में भेजी गई चिट्ठी में कंजर्वेटिव सांसद बॉब ब्लैकमैन, डेमोक्रेटिक यूनियनिस्ट पार्टी सांसद जिम शैनन, स्कॉटिश नेशनल पार्टी के सीमस लोगन के अलावा स्कॉटिश संसद के तीन सांसदों पॉल मैकलनन, मार्टिन डे और एलन ब्राउन ने ये अपील की है। इन सांसदों ने कहा है कि शेख हसीना को मौत की सजा न देने के आश्वासन को कानूनी प्रावधानों के जरिए प्रभावी किया जाना चाहिए। ब्रिटिश सांसदों की इस अपील को यूरोपीय संसद के पूर्व सदस्य डॉ. चार्ल्स टैनॉक ने भी समर्थन दिया है। चिट्ठी में कहा गया है कि मुख्य चिंता की बात है कि आपराधिक न्याय व्यवस्था का उपयोग राजनीतिक संघर्ष को बढ़ाने में हो रहा है।
चिट्ठी में सांसदों ने लिखा है कि शेख हसीना के खिलाफ गंभीर आरोपों की स्वतंत्र जांच और निष्पक्ष सुनवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा है कि शेख हसीना पर आरोपों को राजनीतिक बदले या विरोधियों को सियासत से बाहर करने का माध्यम नहीं बनाना चाहिए। इन सांसदों ने ब्रिटेन के विदेश मंत्री एड मिलिबैंड से हस्तक्षेप का आग्रह करते हुए कहा है कि शेख हसीना को फांसी और अन्य गंभीर नुकसान से सुरक्षा देने की व्यवस्था हो। शेख हसीना पर आरोपों में प्रभावी कानूनी राहत दिलाई जाए। इस मामले की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निगरानी हो और मध्यस्थता और राजनीतिक सुलह की कोशिशों को समर्थन दिया जाए। बता दें कि छात्र आंदोलन के उग्र होने पर शेख हसीना ने अगस्त 2024 में अपनी बहन के साथ बांग्लादेश छोड़ दिया था। वो बांग्लादेश सेना के हेलीकॉप्टर से भारत आ गई थीं।
