नेपाल में पूर्व पीएम केपी शर्मा ओली और पूर्व गृहमंत्री रमेश लेखक गिरफ्तार
काठमांडू। नेपाल का पीएम पद संभालते ही बालेन शाह एक्शन में आ गए हैं। नेपाल में पूर्व पीएम केपी शर्मा ओली और पूर्व गृहमंत्री रमेश लेखक को गिरफ्तार किए जाने की खबर है। केपी शर्मा ओली और रमेश लेखक की गिरफ्तारी नेपाल में पिछले साल जेन जी Gen Z आंदोलन के दौरान निहत्थे छात्रों की मौत के आरोप में की गई है। बालेन शाह ने पीएम बनने के बाद कैबिनेट बैठक की थी। इस कैबिनेट बैठक में जेन जी आंदोलन के दौरान छात्रों पर हुई कार्रवाई संबंधी जांच आयोग की रिपोर्ट पर कार्रवाई का फैसला किया गया। जिसके बाद पूर्व पीएम केपी शर्मा ओली और रमेश लेखक की गिरफ्तारी हुई।
नेपाल में जेन जी आंदोलन के बाद सुशीला कार्की के नेतृत्व में अंतरिम सरकार बनी थी। नेपाल की अंतरिम सरकार ने ही छात्रों पर कार्रवाई की जांच के लिए आयोग बनाया था। इस आयोग ने पूर्व पीएम केपी शर्मा ओली, पूर्व गृहमंत्री रमेश लेखक और तमाम अफसरों और नेताओं को आरोपी करार दिया था। अब बालेन शाह के पीएम बनने के बाद अन्य आरोपियों पर भी सख्त कार्रवाई होने की संभावना है। नेपाल में 4 सितंबर 2025 को केपी शर्मा ओली सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर बैन लगा दिया था। जिसका विरोध युवाओं और छात्रों ने किया था। इसके बाद आंदोलन तेज होता गया और 8 और 9 सितंबर 2025 को नेपाल की राजधानी काठमांडू समेत तमाम जगह विरोध-प्रदर्शन और आगजनी वगैरा हुई।
प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने सरकार के निर्देश पर कार्रवाई की थी। पुलिस की कार्रवाई में नेपाल में बड़ी तादाद में युवाओं और छात्रों की जान गई। जिसके बाद सरकार पर दबाव बढ़ता गया और आखिरकार नेताओं को तलाशकर पीटा जाने लगा। आखिरकार केपी शर्मा ओली ने नेपाल के पीएम पद से इस्तीफा दिया। उनकी सरकार के अन्य मंत्रियों ने भी सरकार से इस्तीफा दिया। नेपाल में जेन जी के इस विरोध प्रदर्शन को मौजूदा पीएम बालेन शाह ने भी समर्थन दिया था। बालेन शाह उस वक्त काठमांडू के मेयर पद पर थे। बालेन शाह रैप गायक के तौर पर नेपाल के युवाओं की पसंद बने और अब सबसे कम उम्र (36 साल) के पीएम बन गए हैं।
