मुंबई में दो सिक्योरिटी गार्डों को चाकू मारने वाला आरोपी जैब गिरफ्तार, पहलगाम हमले की तर्ज पर पहले पूछा था धर्म
मुंबई। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में धर्म पूछकर दो सिक्योरिटी गार्डों को चाकू मारने के आरोपी जैब जुबैर अंसारी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जैब ने मुंबई के मीरा रोड के पास दो सिक्योरिटी गार्डों सुब्रतो सेन और राजकुमार मिश्रा से पहले उनका धर्म पूछा और फिर कलमा पढ़ने के लिए कहा। आरोप है कि जब दोनों गार्डों ने कहा कि वो कलमा नहीं पढ़ सकते, तो जैब ने चाकू से उन पर वार किए। मुंबई पुलिस को जांच में पता चला है कि जैब के मोबाइल में पहलगाम आतंकी हमले के वीडियो थे। साथ ही वो आतंकी संगठन आईएसआईएस के प्रोपागेंडा वीडियो भी देखता था।
इस बात का खुलासा होने के बाद अब मामले की जांच महाराष्ट्र एटीएस को दी गई है। पता ये लगाया जा रहा है कि सिक्योरिटी गार्डों को चाकू मारने का आरोपी जैब जुबैर अंसारी किसी आतंकी संगठन से तो नहीं जुड़ा रहा है। मुंबई पुलिस के मुताबिक आरोपी जैब जुबैर अंसारी 31 साल का है। वो सोमवार को मीरा रोड के नया नगर इलाके में बन रही इमारत में तैनात गार्ड सुब्रतो सेन और राजकुमार मिश्रा के पास गया था और वहां धर्म पूछकर और कलमा न पढ़ने पर चाकू मारा। सुब्रतो को गहरा घाव नहीं हुआ, लेकिन राजकुमार मिश्रा की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। चाकूबाजी की जानकारी मिलते ही नया नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची थी और जैब जुबैर अंसारी को गिरफ्तार किया था।
पुलिस के मुताबिक गार्ड्स पर हमले के बाद जैब फरार हो गया था। सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद मुंबई पुलिस मीरा रोड ईस्ट के नया नगर इलाके में जैब के किराए के मकान पहुंची और फिर उसे गिरफ्तार किया गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जैब को मकान मालिक ने 5 मई तक मकान खाली करने के लिए भी कहा था। पुलिस के मुताबिक जैब जुबैर अंसारी साल 2000 में अमेरिका गया था। उसने अमेरिका से पढ़ाई की है। साल 2019 में जैब भारत लौटा था। वो कुछ वक्त पहले तक एक कोचिंग सेंटर में गणित और रसायन विज्ञान पढ़ाता था।
