नई दिल्ली। बांग्लादेश की पूर्व अंतरिम सरकार के प्रमुख रहे नोबेल पुरस्कार विजेता मोहम्मद यूनुस को न्यूयॉर्क में अपने ही देश के लोगों के द्वारा जबर्दस्त विरोध का सामना करना पड़ा। जॉन एफ. कैनेडी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कुछ बांग्लादेशी प्रवासी मोहम्मद यूनुस के पास आए और चिल्लाते हुए सवाल किया कि तुम अमेरिका क्यों आए हो। उन लोगों ने मोहम्मद यूनुस को आतंकवादी कहते हुए कई लोगों की हत्या के जिम्मेदार होने का आरोप लगाया। लोगों ने मोहम्मद यूनुस वापस जाओ के नारे लगाए। इसके बाद मोहम्मद यूनुस की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उनको तुरंत वहां से ले जाया गया।
इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि मोहम्मद यूनुस एयरपोर्ट पर व्हील चेयर में बैठे हैं और एक शख्स उनको लेकर जा रहा है। तभी कुछ लोग अचानक मोहम्मद यूनुस के सामने आकर उनके खिलाफ नारेबाजी करना शुरू कर देते हैं। हालांकि उनकी किसी बात का मोहम्मद यूनुस ने कोई जवाब नहीं दिया। हालांकि विरोध करने वाले लोग मोहम्मद यूनुस की व्हीलचेयर के पीछे जाते हुए भी दिखाई दिए। बांग्लादेश में अंतरिम सरकार का शासन खत्म होने के बाद यह मोहम्मद यूनुस की पहली विदेश यात्रा बताई जा रही है।
वहीं मीडिया रिपोर्ट में यह दावा किया जा रहा है कि मोहम्मद यूनुस का विरोध करने वाले लोग शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग के समर्थक हो सकते हैं। बता दें कि अगस्त 2024 में शेख हसीना की सरकार गिरने के बाद बांग्लादेश में मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व में अंतरिम सरकार बनी थी। हालांकि उनके कार्यकाल में देश में अल्पसंख्यकों और विशेषकर हिंदुओं के खिलाफ हिंसा बहुत बढ़ गई और हिंसक घटनाएं आम हो गई थीं। वहीं शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग को भी बैन कर दिया गया था जिस वजह से अवामी लीग बांग्लादेश में हुए आम चुनाव में हिस्सा नहीं ले पाई।
