दिल्ली

‘चीन अगर सामान्य रिश्ते चाहता है तो…’, पड़ोसी देश को विदेश मंत्री जयशंकर की दो टूक

शेयर करें:

नई दिल्ली। भारत ने एक तरफ साफ कर दिया है कि लद्दाख पर चीन का दावा गलत है और ये इलाका भारत का था, है और रहेगा। वहीं, विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने चीन से कहा है कि सिर्फ बातचीत से ही भारत से रिश्ते नहीं सुधरने वाले। दिल्ली में ब्लूमबर्ग न्यू इकोनॉमी फोरम में जयशंकर ने कहा कि चीन अगर भारत से सामान्य द्विपक्षीय रिश्ते चाहता है, तो उसे सीमा पर स्थिर हालात बनाने होंगे। जयशंकर ने कहा कि सीमा पर शांति भारत के लिए छोटी शर्त नहीं, चीन से रिश्तों की बुनियाद है।

विदेश मंत्री जयशंकर ने कहा कि 2024 से चीन से लगी सीमा पर हालात काफी सुधरे हैं। भारत और चीन के रिश्ते भी सामान्य होने की दिशा में बढ़े, लेकिन पुराने मतभेद खत्म नहीं हुए हैं। जयशंकर ने कहा कि हकीकत में रिश्तों में प्रगति उसी वक्त होगी, जब सीमा पर शांति बनी रहेगी। विदेश मंत्री ने साफ कहा कि सीमा पर स्थिरता और आपसी रिश्ते एक-दूसरे से जुड़े हैं। दोनों देशों में व्यापार और अन्य संपर्कों के बाद भी सीमा पर तनाव का असर रिश्तों को बड़ा और मजबूत बनाने पर पड़ता है। जयशंकर ने कहा कि चीन को समझना चाहिए कि सामान्य संबंधों का रास्ता सीमा पर जिम्मेदारी भरे व्यवहार से होकर गुजरती है। ऐसे में सीमा पर शांति बनाए रखना सिर्फ सैन्य जरूरत नहीं, भारत और चीन के भविष्य में रिश्ते के लिए भी अहम है।

बता दें कि भारत ने बीते दिनों लद्दाख में कई जगहों के नाम रखकर उनको मैप में दिखाया था। इस पर चीन के विदेश मंत्रालय ने कहा था कि लद्दाख उसके देश का हिस्सा है। इसके बाद विदेश मंत्रालय की ओर से साफ कहा गया कि चीन के लद्दाख संबंधी दावे गलत हैं। ये इलाका भारत का था और रहेगा। साल 2020 में चीन की तरफ से लद्दाख में बड़ी घुसपैठ की कोशिश की गई थी। उस दौरान गलवान घाटी में भारत और चीन के सैनिकों में संघर्ष हुआ था। जिसमें भारत के कर्नल बी. संतोष बाबू समेत 20 जवान वीरगति को प्राप्त हुए थे। चीन के भी 40 से 45 सैनिक उस संघर्ष में मारे गए थे। इसके बाद भारत ने पूरे एलएसी पर बड़ी तादाद में सेना और टैंक व तोपें तैनात की थीं। तमाम चैनलों से बातचीत के बाद साल 2024 में पीएम नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग में मुलाकात के बाद एलएसी से सेना हटी थी। हालांकि, भारत ने एलएसी के दूसरे ओर चीन के सैनिकों की तादाद देखते हुए अपनी तैयारी भी अच्छे से कर रखी है।

Ad Zone: in_content

आगे क्या पढ़ें AI

अपनी राय रखें