दिल्ली

पति को सांप से डसवाने वाली मेरठ की रविता और उसके प्रेमी अमरदीप को कोर्ट ने सुनाई फांसी की सजा

शेयर करें:

नई दिल्ली। यूपी के मेरठ में अपने पति अमित कश्यप को सांप से डसवाने वाली रविता और प्रेमी अमरदीप को एडीजे कोर्ट-12 के जज ने फांसी की सजा सुनाई है। रविता ने अपने प्रेमी अमरदीप के साथ मिलकर अपने पति अमित की गला दबाकर हत्या कर दी थी और लोगों को गुमराह करने के लिए पति के शव के पास एक जहरीला सांप छोड़ दिया था। सांप ने कई बार अमित के शव को डसा था। परिवार और अन्य लोगों को भी यही लगा था कि अमित की मौत सांप के काटने की वजह से हुई है। मगर पुलिस ने जब शव का पोस्टमार्टम कराया तो रिपोर्ट में मौत की वजह दम घुटना बताई गई। इसके बाद इस हत्याकांड का खुलासा हुआ।

अमित के परिवारवालों ने रविता और उसके प्रेमी को मौत की सजा दिए जाने की कोर्ट से गुजारिश की थी। इस हत्याकांड का खुलासा होने के बाद पुलिस ने रविता और अमरदीप को गिरफ्तार कर लिया था। वो दोनों पिछले लगभग 17 महीने से जेल में बंद हैं। यह मामला मेरठ के बहसुमा थाना क्षेत्र के अकबरपुर सादात गांव का है। अमित कश्यप टाइल, पत्थर कारीगर था और पड़ोसी अमरदीप भी उस के साथ यह काम करता था। अमरदीप का अमित के घर आना-जाना हो गया इस दौरान अमरदीप और अमित की पत्नी रविता के प्रेम संबंध हो गए। अमरदीप रविता को चाची कहता था। 1 अप्रैल, 2025 की रात अमित के सोने के बाद रविता ने अमरदीप को घर बुलाया और दोनों ने गला घोटकर उसकी हत्या कर दी।

कोर्ट की 87 तारीखें और 12 से ज्यादा गवाहों के बयान के बाद लगभग 551 दिन में इस केस में फैसला आ गया। इससे पहले अदालत ने 7 अक्टूबर को रविता और अमरदीप को दोषी ठहराया था। रविता और अमित के तीन बच्चे भी हैं। अभी दो दिन पहले ही मेरठ के सौरभ राजपूत मर्डर केस में उसकी पत्नी मुस्कान और प्रेमी साहिल को जिला जज अरविंद मिश्र ने मौत की सजा सुनाई है। मुस्कान और साहिल ने सौरभ को मारकर उसके शरीर को टुकड़ों में काटा और नीले ड्रम में सीमेंट के घोल में शव के टुकड़े डाल कर उसमें कंक्रीट भरकर जमा दिया था।

Ad Zone: in_content

आगे क्या पढ़ें AI

अपनी राय रखें