पीएम मोदी ने पंडित नेहरू के रिकॉर्ड की बराबरी की, चुनाव जीतकर सबसे लंबे वक्त तक पद पर रहने के दौरान भारत को दिलाईं ये उपलब्धियां
नई दिल्ली। नरेंद्र मोदी ने चुनाव जीतकर सबसे लंबे वक्त तक पीएम बने रहने के पंडित जवाहरलाल नेहरू के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। चुनाव जीतकर पीएम मोदी ने अब तक 4398 दिन तक लगातार पद संभाला है। जवाहरलाल नेहरू के चुनाव जीतकर लंबे वक्त तक पीएम बने रहने के रिकॉर्ड को पीएम मोदी बुधवार को तोड़ देंगे। पीएम के तौर पर नरेंद्र मोदी साल ने 2014 में पद संभाला था। उसके बाद से उनकी सरकार ने तमाम ऐतिहासिक फैसले लिए हैं। जिनकी वजह से दुनिया में भारत की धाक बढ़ी है।
नरेंद्र मोदी ने पीएम बनने के बाद साल 2014 में जन धन खाते खोलने की योजना शुरू की। इस योजना के तहत अब तक बैंकों में 58 करोड़ लोगों ने खाते खोले। जन धन खातों की वजह से तमाम योजनाओं में सब्सिडी देने के लिए डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर यानी डीबीटी को शुरू करने का सरकार को मौका मिला। पीएम मोदी के शासन में अनुच्छेद 370 को खत्म करने का ऐतिहासिक फैसला हुआ। जिससे जम्मू-कश्मीर पूरी तरह भारत का हिस्सा बन गया। पीएम मोदी ने गरीबों और बुजुर्गों को 5 लाख सालाना की चिकित्सा सुविधा देने वाले आयुष्मान भारत योजना को भी शुरू कराया। वो पीएम आवास और हर घर पेयजल पहुंचाने की योजना भी लाए। जिसके तहत 4 करोड़ से ज्यादा घर बने और 15 करोड़ से ज्यादा घरों में साफ पेयजल पहुंचा।
पीएम मोदी ने अपने 12 साल के शासन में मेक इन इंडिया योजना शुरू कर भारत को तमाम क्षेत्रों में आत्मनिर्भर बनने का मौका भी दिया। इससे उद्योग मजबूत हुए। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन के तहत देश में साफ-सफाई और गरीब परिवारों को उज्ज्वला योजना के तहत कम दर पर रसोई गैस की योजना भी दी। पीएम मोदी के शासनकाल में भारत चांद की जमीन पर यान उतारने वाला चौथा देश बना। इसके अलावा परमाणु ऊर्जा को निजी क्षेत्र के लिए खोलने का फैसला भी पीएम मोदी ने किया। जीएसटी लाकर पूरे देश में चीजों की कीमत एक करने का अहम काम भी पीएम मोदी के शासनकाल में हुआ।
पीएम मोदी ने पाकिस्तान की तरफ से की जाने वाली आतंकी घटनाओं पर भी भारत का रवैया पूरी तरह बदल दिया। उड़ी, पुलवामा और पहलगाम के आतंकी हमले हुए, तो पीएम मोदी के निर्देश पर सेना ने पाकिस्तान में सर्जिकल स्ट्राइक, एयरस्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम देकर दुश्मन देश को धूल चटाई। इसके अलावा पीएम मोदी के दौर में भारत न सिर्फ हथियार बनाने में आगे बढ़ा, बल्कि ब्रह्मोस जैसी मिसाइल व अन्य सामान दूसरे देशों को बेचने लगा। जिससे काफी पैसा खजाने में आया। साल 2020 में जब कोविड महामारी ने दुनिया में आतंक मचाया और करोड़ों लोगों की जान ली, तो पीएम मोदी ने वैक्सीन बनाने वालों को इसके खिलाफ टीका बनाने के लिए प्रेरित किया। जिससे न सिर्फ भारतीयों, बल्कि दुनिया के तमाम देशों को मुफ्त कोरोना वैक्सीन मिल सका। इसके अलावा पीएम मोदी के शासन में 1.46 लाख किलोमीटर हाइवे बने। वंदे भारत ट्रेनों को चलाया गया और रेलवे रूट का 99 फीसदी विद्युतीकरण हुआ। वहीं, तमाम शहरों में एयरपोर्ट भी बने।
