March 28, 2026

Hind foucs news

hindi new update

बालेन शाह ने ली शपथ, नेपाल के सबसे युवा प्रधानमंत्री बने, पीएम नरेंद्र मोदी ने दी शुभकामनाएं

नई दिल्ली। रैपर से राजनेता नेता काठमांडू के पूर्व मेयर बालेन शाह ने आज नेपाल के प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। 35 वर्षीय बालेन शाह नेपाल के अब तक के सबसे युवा प्रधानमंत्री हैं। राष्ट्रपति भवन शीतल निवास में प्रेसिडेंट राम चंद्र पौडेल ने शाह को शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण का कार्यक्रम बेहद अनोखे अंदाज में आयोजित किया गया। सात ब्राह्मणों ने शंख बजाए, 108 युवा ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्र पढ़े और 107 लामाओं ने बौद्ध धर्मग्रंथों का पाठ किया। इस तरह से समारोह में हिंदू और बौद्ध परंपराओं का मिश्रण देखने को मिला। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया के जरिए बालेन शाह को बधाई दी है।

पीएम नरेंद्र मोदी ने ‘X’ पर लिखा, आपकी नियुक्ति नेपाल की जनता द्वारा आपके नेतृत्व पर जताए गए भरोसे को दर्शाती है। मैं भारत-नेपाल मित्रता और सहयोग को दोनों देशों की जनता के पारस्परिक लाभ के लिए नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए आपके साथ मिलकर काम करने के लिए तत्पर हूं। नेपाल में हुए आम चुनाव में बालेन शाह की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) ने 275 सदस्यीय प्रतिनिधि सभा में 182 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया। बालेन शाह को बालेंद्र शाह के नाम से भी जाना जाता है। वो युवाओं के बीच खासे लोकप्रिय हैं। नेपाली युवा उनको अपना रोल मॉडल मानते हैं।

केपी शर्मा ओली की सरकार के खिलाफ हुए नेपाल के Gen-Z आंदोलन के बाद बालेन शाह का नाम सुर्खियों में आया था। Gen Z प्रदर्शनकारी बालेन शाह को प्रधानमंत्री बनाए जाने की मांग कर रहे थे। दुनिया की जानी मानी टाइम मैगजीन ने साल 2023 की शीर्ष 100 शख्सियतों की अपनी सूची में बालेन शाह का नाम शामिल किया था। बालेन शाह ने इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल करने के बाद बतौर सिविल इंजीनियर अपने करियर की शुरुआत की थी। बाद में वो संगीत की दुनिया से जुड़ गए और रैपर बन गए। फिर उन्होंने राजनीति में कदम रखा और काठमांडू मेयर का चुनाव लड़ा जिसमें उनको जीत हासिल हुई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *