February 16, 2026

Hind foucs news

hindi new update

अहमदाबाद विमान हादसे में यूके के पीड़ित परिवारों ने गलत शव मिलने का किया दावा, रोकना पड़ा अंतिम संस्कार

नई दिल्ली। अहमदाबाद विमान हादसे में मारे गए कुछ ब्रिटिश नागरिकों के परिजनों दावा किया है कि उनको गलत शव मिले हैं। विमान हादसा पीड़ित ब्रिटिश परिवारों का लंदन में प्रतिनिधित्व करने वाले वकीलों का कहना है कि जब जांच अधिकारी ने मृतकों के अवशेषों का लंदन में डीएनए मैच करके उनकी पहचान को वैरिफाई करने की कोशिश की तब इस बात का खुलासा हुआ। यहां तक कि एक परिवार को मृतक के अंतिम संस्कार की प्रक्रिया को रद्द कर दिया क्यों कि उसको जो शव सौंपा गया था वो किसी और का था। एक अन्य पीड़ित परिवार को अपने परिजन के अवशेष के साथ एक अन्य व्यक्ति के अवशेष भी मिले हैं।

आरोप है कि मृतकों के डीएनए मैचिंग की प्रक्रिया को ठीक तरीके से नहीं किया गया, यही कारण है कि गलत शव ब्रिटेन पहुंचाए गए। उधर इस पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय विदेश मंत्रालय की ओर से भी प्रतिक्रिया दी गई है। प्रवक्ता रणधीर जायसवाल का कहना है कि हमने रिपोर्ट देखी है और इस मुद्दे पर  हम ब्रिटिश पक्ष के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। इस दुखद दुर्घटना के बाद, संबंधित अधिकारियों ने प्रोटोकॉल और तकनीकी आवश्यकताओं के अनुसार ही पीड़ितों की पहचान की थी। सभी पार्थिव शरीरों को बहुत ही पेशेवर तरीके से और मृतकों की गरिमा का पूरा ध्यान रखते हुए संभाला गया। हम इस मुद्दे से संबंधित किसी भी चिंता का समाधान करने के लिए ब्रिटिश अधिकारियों के साथ मिलकर काम करना जारी रखे हुए हैं।

आपको बता दें कि अहमदाबाद विमान हादसे में 274 लोगों की मौत हुई थी जिसमें से 241 विमान में सवार यात्री और क्रू मेंबर्स थे जबकि 33 बीजे मेडिकल कॉलेज के रेजिडेंट डॉक्टर और अन्य स्टाफ के लोग थे जो उस हॉस्टल बिल्डिंग में थे जहां विमान क्रैश हुआ था। सभी शव इस कदर जल चुके थे कि उनकी पहचान के लिए डीएनए टेस्ट कराना पड़ा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed