गुरुग्राम में महिला बाइकर को कार चालक ने जानबूझकर मारी टक्कर, सड़क पर काफी दूर तक घिसटती रही राइडर
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे हरियाणा के गुरुग्राम में हिट एंड रन का मामला सामने आया है। यहां एक महिला बाइकर को कार सवार एक शख्स ने जानबूझकर टक्कर मार दी। महिला के मुताबिक कार चालक ने पहले उसे रुकने का इशारा किया जब वो नहीं रुकी तो पीछे से आकर बाइक में कट मारी और फरार हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला बाइकर सड़क पर काफी दूर तक घिसटती चली गई। यह घटना गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड की है। घटना से जुड़ा वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
महिला बाइकर का नाम सिया है और वो स्पोर्ट्स बाइक राइडर जो सोशल मीडिया पर बाइक राइड के अपने वीडियो पोस्ट करती रहती है। रविवार को महिला राइडर दूसरे राइडर्स के साथ राइड पर निकली थी। महिला ने बताया कि गोल्फ कोर्स रोड पर एक सफेद रंग की कार मुझे काफी देर से चेज करने की कोशिश कर रही थी। महिला ने बताया कि कार चालक ने उसे इशारा किया तो उसने उससे थोड़ा दूर रहने को बोला। इसके बाद कार चालक ने बाइक रोकने के लिए कहा। महिला ने आरोप लगाया कि कार चालक और उसमें सवार अन्य लोग नशे में थे। इसके बाद महिला राइडर ने अपनी बाइक की स्पीड थोड़ी तेज कर दी ताकि वो कार से निकल जाए। इसके बाद उस ने पीछे से आकर महिला की बाइक में जोरदार टक्कर मारी और स्पीड से आगे निकल गई।
सेफ्टी गियर की वजह से नहीं आई गंभीर चोट
यह पूरी घटना महिला राइडर और उसके पीछे चल रहे दूसरे राइडर के कैमरे में कैद हो गई। टक्कर के बाद जब वो कार वाला भाग रहा था तो उस महिला के साथी राइडर ने बाइक से उसका पीछा किया और उसको पकड़ने की कोशिश की। कार का नंबर है HR30-Y-4949 बताया जा रहा है। महिला बाइक राइडर को चोट भी आई है हालांकि उसने राइडिंग के दौरान सेफ्टी गियर पहन रखे थे इस वजह से गंभीर चोट नहीं पहुंची। गुरुग्राम पुलिस मामले की जांच कर रही है।
