अब कुरुक्षेत्र की महिला पर लगा पति की हत्या का आरोप, चाकू से फाड़ डाला पेट
कुरुक्षेत्र। एक और महिला पर पति की हत्या का आरोप लगा है। मामला हरियाणा के कुरुक्षेत्र का है। कुरुक्षेत्र के पिहोवा रोड पर रहने वाले राजेश की हत्या का आरोप उनकी पत्नी बिमला पर लगा है। आरोप है कि बिमला ने रसोई में काम आने वाले चाकू से लगातार वार कर राजेश का पेट फाड़ डाला। उससे आंतें और किडनी बाहर निकल आए। बिमला ने राजेश के अंगों को बोरी में बंद किया और फिर मकान की पहली मंजिल से नीचे छलांग लगा दी। जिससे वो भी घायल हुई है।
आरोपी बिमला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक राजेश की हत्या की घटना शुक्रवार रात की है। पड़ोसियों के मुताबिक राजेश और बिमला में आए दिन झगड़ा होता था। राजेश के बारे में पड़ोसियों का कहना है कि उसने कई बार शराब के नशे में बिमला को पीटा भी था। राजेश यूपी के सीतापुर का मूल निवासी था। कुरुक्षेत्र में किराए के मकान में पति और पत्नी रहते थे। पड़ोसियों के मुताबिक शुक्रवार रात राजेश और बिमला के बीच झगड़ा हुआ था। लोगों ने इस पर ध्यान नहीं दिया। फिर अचानक ऊंचाई से किसी के गिरने की आवाज आई। लोग मौके पर पहुंचे, तो बिमला सड़क पर गिरी थी। उसे अस्पताल भेजकर जब कमरे में पहुंचे, तो वहां खून से लथपथ राजेश का शव पड़ा था।
राजेश के शव के पास बोरी रखी थी। पुलिस जब इत्तला पर पहुंची, तो उसमें राजेश के अंग मिले। मौके से पुलिस ने तीन चाकू बरामद किए। इनमें से एक में खून लगा था। चाकू से राजेश के पेट पर वार करने के साथ ही फाड़ डाला गया था। राजेश के भाई रिंकू ने बिमला के खिलाफ एफआईआर कराई है। राजेश के परिजनों के मुताबिक कई साल पहले शादी हुई थी। पति-पत्नी में झगड़ा होता रहता था। दोनों के कोई बच्चा भी नहीं है। पुलिस का कहना है कि बिमला के ठीक होने के बाद उसका बयान लिया जाएगा। बता दें कि बीते दो साल में कई महिलाओं पर अपने पति की हत्या का आरोप लग चुका है।
