‘हम युद्ध की हालत में’, कनाडा के पीएम मार्क कार्नी ने पलटवार कर अमेरिका पर टैरिफ लगाने का किया एलान
ओटावा। अमेरिका की ओर से टैरिफ लगाए जाने को कनाडा के पीएम मार्क कार्नी ने युद्ध बताते हुए जवाब में डॉलर टू डॉलर टैरिफ लगाने का एलान किया है। मार्क कार्नी ने ओटावा में कहा कि अमेरिका के स्टील, डेयरी, इलेक्ट्रॉनिक्स और अन्य उद्योगों पर 8 सितंबर से कनाडा टैरिफ लेगा। कार्नी ने कहा कि उनका देश अपने किसानों, श्रमिकों, आम लोगों और कारोबार की सुरक्षा के लिए अमेरिका के लगाए टैरिफ का मुकाबला करेगा।
मार्क कार्नी ने कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ऐसी शर्तें रखीं, जो मानने लायक नहीं थीं। कनाडा के पीएम ने कहा कि ट्रंप की शर्तें कनाडा के कुछ फायदों के खिलाफ थीं और किसी भरोसेमंद समझौते पर सवाल खड़ा करने वाली थीं। कार्नी ने कहा कि अमेरिका की शर्तें उनके देश की नए व्यापार समझौते की क्षमता को सीमित कर रही थीं। उन्होंने फिर प्रस्ताव दिया कि अगर अमेरिका टैरिफ में काफी कमी करता है, तो कनाडा भी वहां से अल्युमीनियम, स्टील और गाड़ियों पर टैरिफ हटाने के लिए तैयार है। साथ ही अमेरिका से शराब भी आयात करने के लिए तैयार है। बता दें कि कनाडा अपनी जरूरत का 70 फीसदी अमेरिका से आयात करता रहा है।
मार्क कार्नी ने कहा कि जब आप पर हमला किया जाता है, तो आप युद्ध की हालत में होते हैं। हम पर हमला हुआ है और अब व्यापार जंग की स्थिति है। कनाडा के पीएम ने कहा कि हम अमेरिका की पेशकश मंजूर नहीं कर सकते और न उनकी मांग पूरी करेंगे। उन्होंने कहा कि हम कनाडा की संप्रभुता से समझौते और प्रमुख उद्योगों को कमजोर करने के लिए तैयार नहीं। कार्नी ने कहा कि अमेरिका बदल गया है और कनाडा अब पुराने रिश्तों की तरफ वापस नहीं जा रहा। दरअसल, अमेरिका ने कनाडा से व्यापार वार्ता फेल होने के बाद 50 फीसदी टैरिफ लगाया है। जो शराब, फर्नीचर, डेयरी उत्पाद, कपड़ों, मछली पकड़ने के रॉड, सीमेंट समेत कई उत्पादों पर लगेगा। जिसका असर 20 अरब डॉलर मूल्य की चीजों पर होगा। ये सभी चीजें कनाडा के निर्यात का 5.5 फीसदी हिस्सा हैं।
