ट्रंप ने यूरोपीय यूनियन पर बहुत भारी टैरिफ लगाने की धमकी दी, जानिए किस वजह से भड़के अमेरिकी राष्ट्रपति
वॉशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूरोपीय यूनियन के देशों पर बहुत भारी टैरिफ लगाने की धमकी दी है। ट्रंप ने कहा है कि यूरोपीय यूनियन अगर अमेरिका और कनाडा के बीच रिश्तों को दुश्मन जैसा मानता है, तो उसे बहुत भारी टैरिफ का सामना करना पड़ सकता है। दरअसल, यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयन ने कनाडा को यूरोपीय यूनियन का एसोसिएट मेंबर बनाने का प्रस्ताव दिया था। इससे पहले कनाडा के पीएम मार्क कार्नी ने अपने देश के यूरोपीय यूनियन मेंबर बनने की इच्छा जताई थी।
ट्रंप ने नॉर्थ कैरोलिना के शार्ले में कहा कि अगर उनको लगा कि यूरोपीय यूनियन का ये कदम खराब इरादे से उठाया जा रहा है, तो अमेरिका यूरोप के देशों की चीजों पर भारी टैरिफ लगाने के साथ ही की क्षेत्रों में कारोबार भी रोक सकता है। ट्रंप ने इसके साथ ही कनाडा पर फिर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कनाडा बहुत खराब कारोबारी तौर-तरीके अपनाता है। इससे पहले यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष ने कहा था कि वो कनाडा को यूरोपीय यूनियन का पहला एसोसिएट मेंबर बनने के लिए न्योता दे रही हैं। कनाडा को पूर्ण सदस्य का दर्जा नहीं मिलेगा। ये सिर्फ यूरोपीय देशों को ही मिल सकता है। हालांकि, कनाडा के एसोसिएट मेंबर बनने से यूरोपीय यूनियन और उसके बीच सहयोग और मजबूत होने का रास्ता खुलेगा।
उर्सुला वॉन डेर लेयन ने ये भी कहा था कि ब्रुसेल्स कॉम्प्रिहेंसिव इकोनॉमिक एंड ट्रेड एग्रीमेंट (सीईटीए) से आगे जाकर भविष्य के लिए गठबंधन की तरफ बढ़ना चाहता है। इसका मकसद साझा संस्कृति और आर्थिक सुरक्षा का माहौल बनाना है। सीईटीए के संबंध में यूरोपीय यूनियन और कनाडा में साल 2016 में सहमति बनी और फिर 2017 से इसे अस्थायी तौर पर लागू किया गया। जिससे दोनों पक्षों पर ही टैरिफ काफी कम हुआ। अगर कनाडा अब यूरोपीय यूनियन का एसोसिएट मेंबर बनता है, तो उनमें इंटेलिजेंट मैन्युफैक्चरिंग, टेक्नोलॉजी, रक्षा, आर्कटिक, ऊर्जा, क्रिटिकल मिनरल्स, बैटरी, एआई, क्वांटम टेक्नोलॉजी, साइबर सिक्योरिटी और आर्थिक सुरक्षा संबंधी सहयोग बढ़ेगा। बता दें कि ट्रंप ने राष्ट्रपति बनने के बाद पड़ोसी देश कनाडा के खिलाफ बयानबाजी जारी रखी। बीते दिनों ट्रंप ने कनाडा से आयात होने वाली चीजों पर 50 फीसदी टैरिफ लगाया था। बदले में कनाडा ने भी अमेरिकी चीजों पर टैरिफ लगाया। ट्रंप तो कनाडा को अमेरिका का 51वां राज्य बनने का ऑफर भी दे चुके हैं।
